संयुक्त कार्रवाई से अवैध शराब माफिया पर कड़ा प्रहार.. जंगलों में 6 किमी कांबिंग, 120 लीटर कच्ची शराब बरामद, 3000 लीटर लहन नष्ट

Share Also

(रिंटू वर्मा)

पीलीभीत। जनपद में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस अभियान में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र–1, क्षेत्र–4 व क्षेत्र–5 पीलीभीत, आबकारी स्टाफ क्षेत्र–2 खटीमा (उधम सिंह नगर), थाना न्यूरिया पीलीभीत पुलिस तथा थाना खटीमा उत्तराखंड पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।

सीमावर्ती इलाकों में सघन दबिश

संयुक्त टीम द्वारा उत्तराखंड के खटीमा थाना क्षेत्र अंतर्गत सीमावर्ती ढ़ाकी ग्राम, डीऊनी डैम के जंगलों तथा देवहा नदी के किनारे स्थित संदिग्ध स्थलों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान टीम ने लगभग 6 किलोमीटर तक जंगलों में सघन कांबिंग अभियान चलाया।

भट्ठियां ध्वस्त, उपकरण जब्त

दबिश के दौरान मौके से करीब 120 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसके साथ ही लगभग 3000 लीटर लहन, 6 चालू भट्ठियां तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद कर मौके पर ही समूल नष्ट कर दिए गए।

तीन अभियोग दर्ज

इस संबंध में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत तीन अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *