पीलीभीत के अमरिया में अवैध चर्च निर्माण… तीन आरोपी गिरफ्तार प्रशासनिक अनुमति के बिना निर्माण था जारी

Share Also

(रिंटू वर्मा)

पीलीभीत । अमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम नवदिया जिठनिया में अवैध रूप से चर्च निर्माण के प्रयास का मामला सामने आने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वादी सरजीत सिंह पुत्र हरवंश सिंह, निवासी ग्राम तिरकुनिया नसीर की तहरीर पर थाना अमरिया में मुकदमा दर्ज किया गया है।

तहरीर के अनुसार, मुन्ना मसीह पुत्र चिराग मसीह निवासी ग्राम भूड़ा ईसाई कॉलोनी, जमुना प्रसाद पुत्र तोताराम निवासी ग्राम नवदिया जिठनिया तथा अर्जुन सिंह राणा पुत्र दुर्गा प्रसाद निवासी ग्राम उलधन, थाना खटीमा, जिला ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) द्वारा बिना किसी शासन-प्रशासनिक अनुमति के चर्च निर्माण कराया जा रहा था। सूचना पर थाना अमरिया पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने गाटा संख्या 78 पर चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाते हुए धारा 35(3) बीएनएसएस के अंतर्गत नोटिस जारी कर सख्त हिदायत दी थी। इसके बावजूद आरोपियों द्वारा पुनः ईंट-बालू इधर-उधर कर निर्माण कार्य जारी रखने का प्रयास किया गया।

चर्च निर्माण के लिए आवश्यक वैध अनुमति के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। उन्होंने केवल ट्रस्ट के नाम से भूमि संबंधी कागजात दिखाए, जो निर्माण अनुमति के लिए पर्याप्त नहीं पाए गए।

शांतिव्यवस्था बनाए रखने और अवैध निर्माण पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से अमरिया पुलिस ने 20 जनवरी को निर्माण स्थल से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *