पीलीभीत के 200 परिषदीय छात्र-छात्राओं ने किया आईवीआरआई बरेली का शैक्षिक भ्रमण… बीएसए रोशनी सिंह ने दिखाई हरी झंडी, वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं और वन्यजीव संस्थान का कराया गया भ्रमण

Share Also

(रिंटू वर्मा)

पीलीभीत। परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विकास के उद्देश्य से बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से एक्सपोजर विजिट के लिए बसों को रवाना किया गया। बीएसए रोशनी सिंह ने चार बसों को हरी झंडी दिखाकर करीब दो सौ बच्चों को भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) बरेली के लिए भेजा।

बच्चों में दिखा उत्साह, बीएसए ने की बातचीत
रवाना होने से पहले बीएसए रोशनी सिंह बस में चढ़कर बच्चों से मिलीं और उनसे पूछा कि एक्सपोजर विजिट पर जाकर कैसा लग रहा है। इस पर बच्चों ने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। बीएसए ने बताया कि इस तरह के भ्रमण से बच्चों को भौगोलिक, वैज्ञानिक और सामाजिक जानकारी मिलती है तथा वे बाहरी दुनिया से परिचित होते हैं।

जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से शामिल हुए छात्र-छात्राएं
इस शैक्षिक भ्रमण में पूरनपुर, बिलसंडा, बरखेड़ा, ललौरीखेड़ा, अमरिया, मरौरी एवं नगर क्षेत्र पीलीभीत के परिषदीय विद्यालयों के करीब दो सौ छात्र-छात्राएं शामिल हुए। बच्चों को चार बसों के माध्यम से आईवीआरआई बरेली भेजा गया।

वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं में दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
आईवीआरआई में सीनियर टेक्निकल ऑफिसर रवि प्रकाश ने छात्र-छात्राओं को नाभिकीय वैज्ञानिक प्रयोगशाला, केंचुआ पालन, पशुओं को दी जाने वाली वैक्सीन तथा पशु-पक्षियों में होने वाली बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पशुओं में कई प्रकार के खतरनाक वायरस पाए जाते हैं और वैक्सीन का निर्माण वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर किया जाता है।

रिसर्च सेंटर और वन्यजीव संस्थान का भ्रमण
छात्र-छात्राओं को पशु चिकित्सा विज्ञान अनुभाग, रिसर्च सेंटर, नेशनल एनिमल साइंस सेंटर, कृषि विज्ञान केंद्र, योगा पार्क एवं जैविक उत्पाद विभाग का भ्रमण कराया गया। वन्य जीव प्राणी संस्थान में बच्चों ने बारहसिंघा और हिरन को नजदीक से देखा। वहीं म्यूजियम में मोर, कछुआ, शुतुरमुर्ग सहित विभिन्न पक्षियों की जानकारी दी गई।

अधिकारियों व शिक्षकों की रही मौजूदगी
एक्सपोजर विजिट के दौरान जिला समन्वयक राकेश पटेल, सचिन चौधरी, राजीव कुमार, अजय कुमार, के.के. सागर, श्रीकृष्ण, के.के. सिंह, भूपेंद्र पाल सिंह, गीता रानी, करुणा गौर, मृदुला गंगवार सहित विभाग के तमाम शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *