पीलीभीत। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने सदर तहसील के जगदीशपुर गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौवंशों के चारे, पानी व ठंड से बचाव की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। यहां 60 गौवंश मौजूद मिले। बीएसए ने निर्देश दिया कि सभी गौवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
नूरपुर गौशाला में मिले 333 गौवंश, दो बीमार
इसके बाद बीएसए नूरपुर गौशाला पहुंचीं, जहां 333 गौवंश पाए गए। निरीक्षण में दो गौवंश बीमार मिले, जिस पर उन्होंने केयरटेकर को निर्देश दिया कि तत्काल पशु चिकित्सा अधिकारी से उपचार कराते हुए उचित देखभाल सुनिश्चित करें।
अच्छी व्यवस्था पर संतोष, निरंतर देखभाल के निर्देश
नूरपुर पशु आश्रय स्थल पर चारे और पानी की व्यवस्था भी पर्याप्त मिली। बीएसए ने दोनों गौशालाओं में केयरटेकरों को यह निर्देश दिया कि बीमार गौवंशों की विशेष देखभाल की जाए और किसी भी गौवंश को असुविधा न होने पाए।
शासन की मंशा: गौवंशों को मिले सुरक्षित वातावरण
बीएसए रोशनी सिंह ने कहा कि शासन की स्पष्ट मंशा है कि किसी भी गौवंश को परेशानी न हो और उनकी सुरक्षा व सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
(रिंटू वर्मा एडिटर )

