(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्रदेश के चयनित उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अब स्कूल बैंड और बैंड यूनिफार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। शिक्षा मंत्रालय की प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके लिए महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।जिसका आदेश जिला बेसिक शिक्षाधिकारी रोशनी सिंह ने जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारियो को जारी कर दिया है।
अनुशासन और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने का उद्देश्य
छात्र-छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना को विकसित करने और उन्हें सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश स्तर पर चयनित विद्यालयों को यह सुविधा प्रदान की जा रही है।विद्यालयों में स्कूल बैंड की स्थापना से बच्चों में सहभागिता बढ़ेगी और उनकी व्यक्तिगत एवं समूहगत क्षमताओं में निखार आएगा।
यू-डायस 2023-24 के आधार पर विद्यालयों का चयन
जारी निर्देशों के अनुसार, विद्यालयों का चयन यू-डायस वर्ष 2023-24 के आंकड़ों के आधार पर किया गया है। अधिक नामांकन वाले उच्च प्राथमिक विद्यालयों को प्राथमिकता देते हुए स्कूल बैंडव बैंड यूनिफार्म उपलब्ध कराए जाएंगे।
विकेन्द्रीकृत प्रक्रिया से होगा क्रय
विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के माध्यम से विकेन्द्रीकृत प्रक्रिया के द्वारा
* स्कूल बैंड सेट (एक प्रति विद्यालय)
* बैंड यूनिफार्म (प्रति छात्र/छात्रा 02 सेट)
का क्रय किया जाएगा।बैंड यूनिफार्म हेतु प्रति विद्यार्थी ₹2000 की दर से अधिकतम 19 छात्र-छात्राओं के लिए धनराशि तथा स्कूल बैंड सेट हेतु निर्धारित धनराशि एसएमसी खाते में लिमिट के रूप में जारी की जा रही है।
समय से पालन के निर्देश
शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि समस्त प्रक्रिया नियमों के अनुरूप, पारदर्शी और समयबद्ध** ढंग से पूरी की जाए।
किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए गए है।

