पीलीभीत।पीलीभीत जनपद को शासन से एक महत्वपूर्ण सुविधा मिलने जा रही है। जिले में राजकीय संप्रेक्षण गृह खोले जाने की मंजूरी औपचारिक रूप से प्रदान कर दी गई है। इसकी स्थापना से बाल संरक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और जिले में संवेदनशील मामलों के निस्तारण में लंबे समय से चली आ रही कठिनाइयों से राहत मिलेगी।
महिला कल्याण विभाग ने शुरू की भूमि तलाश
मंजूरी मिलने के बाद महिला कल्याण विभाग ने निर्माण कार्य की दिशा में सक्रियता दिखाते हुए पूरनपुर क्षेत्र में उपयुक्त भूमि तलाशने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभागीय टीमें संभावित स्थानों का निरीक्षण कर रही हैं और निर्माण के लिए आवश्यक सुविधाओं का आकलन भी किया जा रहा है। भूमि चयन होते ही संप्रेषण गृह के निर्माण की प्रक्रिया गति पकड़ेगी।
बरेली पर निर्भरता होगी खत्म
फिलहाल पीलीभीत जनपद के संवेदनशील बाल संरक्षण मामलों में प्रशासन को बरेली स्थित राजकीय बाल संप्रेषण गृह पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे कई बार समय, संसाधन और कानूनी प्रक्रियाओं में विलंब होता है। स्थानीय स्तर पर संप्रेषण गृह स्थापित होने से बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में तेजी आएगी, ज़रूरतमंद बच्चों को तत्काल सुरक्षा और शरण मिल सकेगी
परिजनों और बाल संरक्षण इकाइयों को बड़ा राहत मिलेगी।
जनपद की जरूरत को अब मिलेगा स्थायी समाधान
राजकीय संप्रेषण गृह के खुलने से पीलीभीत जिले को एक ऐसी सुविधा प्राप्त होगी जो लंबे समय से आवश्यक मानी जा रही थी। यह संस्था बाल कल्याण, देखभाल, काउंसलिंग और पुनर्वास से जुड़ी सभी जरूरतों को स्थानीय स्तर पर पूरा करेगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह केंद्र जनपद में संवेदनशील मामलों के निपटान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और बाल सुरक्षा तंत्र को नई मजबूती प्रदान करेगा।
जल्द शुरू होगा निर्माण
भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी होते ही प्रस्ताव शासन में भेजा जाएगा और तकनीकी स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। उम्मीद है कि आगामी महीनों में परियोजना को ठोस रूप मिलना शुरू हो जाएगा।

