रिंटू वर्मा…
पीलीभीत।बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2025-26 की वार्षिक परीक्षाएं 16 मार्च से 20 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। शासन स्तर से परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कक्षा 1 से 8 तक की परीक्षाएं निर्धारित तिथि में कराने एवं मूल्यांकन कराने के आदेश जारी किए हैं।
परीक्षा दो पाली मे होंगी संपन्न
परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित होंगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक संपन्न कराई जाएगी।
कक्षावार परीक्षा का स्वरूप
निर्देशों के अनुसार कक्षा 1 की वार्षिक परीक्षा मौखिक होगी। कक्षा 2 से 5 तक लिखित एवं मौखिक दोनों परीक्षाएं होंगी, जिसमें कक्षा 2-3 में लिखित और मौखिक का भार 50-50 प्रतिशत तथा कक्षा 4-5 में लिखित 70 प्रतिशत और मौखिक 30 प्रतिशत रहेगा। कक्षा 6 से 8 तक की परीक्षाएं केवल लिखित होंगी।
लिखित परीक्षा 50 अंकों की होगी, जिसमें बहुविकल्पीय, अति लघु, लघु एवं दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल किए जाएंगे। प्रश्नों का विभाजन निर्धारित मानक के अनुसार किया जाएगा।
100 अंकों में होगा वार्षिक मूल्यांकन
शासनादेश के अनुसार प्रत्येक विषय में दो सत्रीय परीक्षाओं के 20 अंक, अर्द्धवार्षिक परीक्षा के 30 अंक और वार्षिक परीक्षा के 50 अंक जोड़कर कुल 100 अंकों में मूल्यांकन किया जाएगा। प्रश्नों के उत्तर शब्द सीमा के अनुसार निर्धारित होंगे, जिससे विद्यार्थियों की समझ का सही आकलन हो सके।
प्रश्नपत्र, मूल्यांकन और अभिलेख सुरक्षित रखने के निर्देश
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा मॉडल प्रश्नपत्र तैयार किए जाएंगे और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा उनकी छपाई कराकर विद्यालयों में समय से उपलब्ध कराया जाएगा। प्रश्नपत्रों की पैकिंग ब्लॉक स्तर पर की जाएगी। परीक्षा एवं मूल्यांकन से संबंधित सभी अभिलेख विद्यालय स्तर पर सुरक्षित रखे जाएंगे।
मार्च को घोषित होगा परिणाम
निर्देशों के अनुसार मूल्यांकन कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कर 30 मार्च 2026 को परीक्षाफल घोषित किया जाएगा। परिणाम घोषित होने के दिन विद्यालयों में अभिभावक बैठक आयोजित की जाएगी और छात्रों को उनकी उत्तर पुस्तिकाएं दिखाते हुए रिपोर्ट कार्ड वितरित किए जाएंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह का कहना
पीलीभीत जनपद के समस्त परिषदीय और मान्यता प्राप्त स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक वार्षिक परीक्षा संपन्न कराए जाने को लेकर शासन स्तर से आदेश जारी किया गया है उक्त आदेश के क्रम में जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को तय तिथि पर वार्षिक परीक्षा संपन्न और मूल्यांकन को लेकर आदेश जारी कर दिए गए हैं वार्षिक परीक्षा दो पाली में संपन्न कराई जाएगी।- रोशनी सिंह बेसिक शिक्षा अधिकारी पीलीभीत

