(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय 41वीं जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ललौरीखेड़ा ब्लॉक ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। जैसे ही मुख्य अतिथि नगर मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) रोशनी सिंह ने विजेता टीम को चैंपियनशिप कप प्रदान किया, खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
व्यक्तिगत चैंपियनशिप के विजेता
प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में पूरनपुर के रितेश कुमार ने व्यक्तिगत चैंपियनशिप जीती, जबकि प्राथमिक स्तर बालिका वर्ग में मरौरी की सोनाक्षी विजेता रहीं। जूनियर स्तर बालिका वर्ग में मरौरी की पायल और बालक वर्ग में बरखेड़ा के पुष्पेंद्र ने व्यक्तिगत चैंपियनशिप अपने नाम की।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
मुख्य अतिथि नगर मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर और बीएसए रोशनी सिंह ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि खेलों से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और यह स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। बीएसए रोशनी सिंह ने शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि हारने वाले बच्चों को निराश नहीं होना चाहिए, अगली बार बेहतर प्रदर्शन से जीत अवश्य मिलेगी।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम
600 मीटर जूनियर बालिका वर्ग की दौड़ में पूरनपुर की रूबी प्रथम, बीसलपुर की रितिका द्वितीय और शशि तृतीय रहीं। चक्का फेंक प्रतियोगिता में बीसलपुर की अनामिका प्रथम, मरौरी की प्रियंका द्वितीय और बरखेड़ा की महरीन तृतीय स्थान पर रहीं।
समूह गान में पीएम श्री कंपोजिट स्कूल खासपुर (पूरनपुर) की टीम प्रथम तथा बिलसंडा के हरया की टीम द्वितीय रही।
उच्च प्राथमिक स्तर बालक वर्ग की चक्का फेंक प्रतियोगिता में ललौरीखेड़ा के शिवम प्रथम, बरखेड़ा के नवनीत द्वितीय और ललौरीखेड़ा के राजवीर तृतीय स्थान पर रहे।
बैडमिंटन में ललौरीखेड़ा के सक्षम प्रथम और मरौरी के वंश द्वितीय रहे।प्राथमिक स्तर बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में पूरनपुर की शिल्पी प्रथम, ललौरीखेड़ा की तमन्ना द्वितीय और मरौरी की राधिका तृतीय रहीं। लंबी कूद में मरौरी की सोनाक्षी प्रथम, अंशु वर्मा द्वितीय और बीसलपुर की फरीन तृतीय रहीं।
कबड्डी प्रतियोगिता में ललौरीखेड़ा की आररीन एंड पार्टी प्रथम और पूरनपुर की ऋतंभरा एंड पार्टी द्वितीय स्थान पर रहीं।
आयोजन में रहा व्यापक सहयोग
निर्णायक मंडल में खेल अनुदेशक आदित्य गंगवार, प्रखर मिश्रा, सुरेंद्र गंगवार, नरेंद्र मौर्य सहित अनेक अनुदेशक व व्यायाम शिक्षक शामिल रहे। कार्यक्रम में जिलेभर के खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, विभिन्न शिक्षक संघों के पदाधिकारी, खेल अनुदेशक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

