(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रचार–प्रसार हेतु जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर से जागरूकता वाहनों को भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा सहित सभी विभागों में जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ सीधे आमजन तक पहुंच रहा है।
निपुण भारत से लेकर मिड डे मील तक योजनाओं की दी गई जानकारी
प्रचार वाहनों पर विभागीय योजनाओं से संबंधित फ्लेक्स लगाए गए थे, जिनके माध्यम से निपुण भारत मिशन, बाल वाटिका, डिजिटल शिक्षा, डीबीटी के जरिए यूनिफॉर्म, जूता–मोजा वितरण, बालिका शिक्षा, ऑपरेशन कायाकल्प, दीक्षा, निःशुल्क पाठ्य पुस्तक, कार्य पुस्तिका, स्टेशनरी तथा मिड डे मील योजना के बारे में जनसमुदाय को जागरूक किया गया। जिले के पांच निर्धारित रूटों पर पीलीभीत शहर, अमरिया, ललौरीखेड़ा, पूरनपुर, बरखेड़ा एवं बीसलपुर क्षेत्रों में प्रचार वाहन भ्रमण करते रहे।
बच्चों व शिक्षिकाओं ने चौराहों पर किया संवाद
प्रत्येक प्रचार वाहन में दस बच्चों के साथ दो शिक्षिकाएं मौजूद रहीं, जिन्होंने प्रमुख चौराहों पर आमजन से संवाद कर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही आरटीई एंथम एवं प्रेरक स्लोगनों के माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई।
बीएसए कार्यालय में सजा रंगोली–गुब्बारों से परिसर, हुआ ध्वजारोहण
इसी क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बीएसए रोशनी सिंह द्वारा ध्वजारोहण किया गया। पहली बार कार्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों एवं आकर्षक रंगोली से सजाया गया। राष्ट्रगान के उपरांत कर्मचारियों ने देशभक्ति के नारे लगाए। वरिष्ठ सहायक मुकर्रम हैदर जैदी ने स्वरचित कविता के माध्यम से गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। बीएसए रोशनी सिंह ने सभी कर्मचारियों से ईमानदारी व निष्ठा के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन का आह्वान किया।
अधिकारी व कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी मरौरी सुनील कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी नगर सुनील कुमार सिंह, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा मनीष श्रीवास्तव, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा राकेश पटेल, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार सहित समस्त कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।

