पीलीभीत की होनहार बेटी नीरज ने मंडल में किया कमाल… बाल उत्सव में पीलीभीत की नीरज का जलवा, मंडल स्तर पर प्रथम स्थान

Share Also

रिंटू वर्मा…

 

 

 

 

पीलीभीत। जिले के मरौरी ब्लॉक स्थित जूनियर हाई स्कूल मुडेला खुर्द की होनहार छात्रा नीरज ने मंडल स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। शनिवार को अर्बन हाट सिविल लाइन में आयोजित मंडल स्तरीय बाल उत्सव में नीरज ने बरेली मंडल के चारों जिलों की प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

 एडी बेसिक ने किया सम्मानित

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) बरेली मंडल डॉ. अजीत कुमार ने छात्रा नीरज को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस उपलब्धि से जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में खुशी की लहर दौड़ गई। बीएसए रोशनी सिंह ने छात्रा नीरज और विद्यालय की शिक्षिका पूनम सहगल को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ब्लॉक से मंडल तक का सफर

“प्रगति, स्वाभिमान और सफलता की ओर” थीम पर आयोजित यह उत्सव 12 फरवरी को जिले में शुरू हुआ था।

  • पहले प्रतियोगिता ब्लॉक स्तर पर आयोजित की गई।
  • इसके बाद 60 छात्राओं का चयन जिला स्तर के लिए हुआ।
  • जिला स्तरीय प्रतियोगिता से 10 छात्राओं को मंडल स्तर के लिए चुना गया, जिनमें नीरज भी शामिल थीं।

मंडल स्तर पर चारों जिलों की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नीरज ने “मेरे बदलाव की कहानी” विषय पर शानदार प्रस्तुति देकर निर्णायक मंडल को प्रभावित कर दिया। परिणाम घोषित होते ही पीलीभीत के छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अधिकारी खुशी से झूम उठे।

 अब राज्य स्तर पर दिखेगा जलवा

मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद अब नीरज 8 मार्च को लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय बाल उत्सव में प्रतिभाग करेंगी। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा मनीष श्रीवास्तव ने भरोसा जताया कि नीरज प्रदेश स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी।

विद्यालय की शिक्षिका पूनम सहगल ने छात्रा को प्रतियोगिता के लिए तैयार किया। उनकी मेहनत और मार्गदर्शन से ही यह सफलता संभव हो सकी। जिले के शिक्षकों और अधिकारियों का कहना है कि पीलीभीत के स्कूली बच्चों में प्रतिभा का अपार भंडार है, जिसे उचित मंच मिलने पर वे प्रदेश और देश स्तर पर पहचान दिला सकते हैं।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *