पीलीभीत बीएसए रोशनी सिंह का औचक निरीक्षण.. बोर्ड परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा, स्कूलों में कम उपस्थिति और ड्रेस व्यवस्था पर जताई नाराजगी

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के तहत गठित सचल दल-दो की प्रभारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने सोमवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों और परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा की शुचिता, छात्र उपस्थिति और विद्यालयों की व्यवस्थाओं को परखा तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण परीक्षा

बीएसए रोशनी सिंह ने सबसे पहले चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और सर्वोदय इंटर कॉलेज, कल्याणपुर नौगवां का निरीक्षण किया। दोनों परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित होती मिलीं। परीक्षा व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

ड्रेस न पहनने पर हेडमास्टर को चेतावनी

निरीक्षण के क्रम में बीएसए प्राथमिक विद्यालय माला कॉलोनी भी पहुंचीं। यहां कई छात्र-छात्राएं स्कूल ड्रेस में नहीं मिले, जिस पर उन्होंने प्रधानाध्यापक से नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब शासन द्वारा डीबीटी के माध्यम से ड्रेस, जूता, मौजा, स्वेटर और स्कूल बैग की धनराशि अभिभावकों के खातों में भेजी जा चुकी है, तो बच्चों का ड्रेस में न आना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार ऐसी स्थिति मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों की सराहना

माला कॉलोनी के उच्च प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान बीएसए ने छात्र-छात्राओं से हिंदी विषय से संबंधित प्रश्न पूछे। बच्चों द्वारा संतोषजनक उत्तर देने पर उन्होंने उनकी सराहना की और शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा की।

 सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान बीएसए के दौरे की सूचना से आसपास के स्कूलों में खलबली मची रही। जिला मुख्यालय लौटने के बाद उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विकास खंडों में यह सुनिश्चित करें कि छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पोर्टल पर ही दर्ज की जाए और विद्यालयों में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *