पीलीभीत में युवक की गोली मारकर हत्या, एसपी ने तीन पुलिस कर्मियों को किया निलंबित।

Share Also

पीलीभीत : दियोरिया कलां कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छेड़छाड़ के पुराने विवाद को लेकर आरोपी पक्ष ने असलहों से लैस होकर पीड़ित परिवार के घर पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज की, महिलाओं से मारपीट की और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से छेड़छाड़ पीड़िता के 25 वर्षीय चचेरे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई।


15 अप्रैल की घटना से शुरू हुआ था विवाद

गांव की एक युवती ने 15 अप्रैल को थाना दियोरिया कलां में गांव के ही आशीष कुमार, नेवाराम, मुरारीलाल, बादशाह, रामऔतार, अमन, शिवम और सूरज के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करने और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि आशीष लगातार पीछा करता और छेड़छाड़ करता था। परिजनों द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट भी की थी। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों में रंजिश गहराती चली गई।


लाइसेंसी राइफल और अवैध असलहों के साथ पहुंचे हमलावर

मंगलवार शाम आरोपियों के कई लोग अचानक पीड़िता के घर में घुस आए। गाली-गलौज के बाद उन्होंने सीधा हमला करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की बौछार के दौरान एक गोली युवती के चचेरे भाई को लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले में महिलाओं के साथ मारपीट भी की गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।


कारतूस के खोखे बरामद, लाइसेंसी राइफल से चली गोली की पुष्टि

सूचना पर सीओ प्रगति चौहान, कोतवाल दिगंबर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद एसपी अभिषेक यादव भी पहुंचे और जांच के दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम व एसओजी को बुलाकर घटनास्थल से कारतूस के खोखे कब्जे में लिए गए। प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई कि फायरिंग में लाइसेंसी राइफल का भी इस्तेमाल हुआ है।


गांव में तनाव, आरोपियों की तलाश में दबिशें

हत्या की सूचना से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी अभी फरार हैं और पुलिस टीमों द्वारा गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।


लापरवाही पर कार्रवाई—तीन पुलिसकर्मी निलंबित

घटना के बाद पुलिस की शिथिलता और संवेदनशील मामले में सक्रियता न दिखाने पर
एसपी पीलीभीत अभिषेक यादव ने थाना प्रभारी दियोरिया कलां, हल्का इंचार्ज और बीट मुख्य आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *