योजना पर ग्रहण ! पीलीभीत में 82 हजार किसान फार्मर रजिस्ट्री से दूर… पंजीकरण में पिछड़ा पीलीभीत, 82 हजार किसान अब भी सिस्टम से बाहर

Share Also

(रिंटू वर्मा)

पीलीभीत। फार्मर रजिस्ट्री अभियान को शुरू हुए एक वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन इसके बावजूद जनपद पीलीभीत में अब भी 82 हजार से अधिक किसान ऐसे हैं, जिन्होंने फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है। इस स्थिति के चलते जनपद फार्मर रजिस्ट्री के मामले में पिछड़ता नजर आ रहा है। शासन स्तर पर नाराजगी के बाद अब जिला प्रशासन ने भी इस अभियान को लेकर सख्ती शुरू कर दी है।

एग्रीस्टैक योजना के तहत चल रहा है फार्मर रजिस्ट्री अभियान

शासन द्वारा एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस योजना के तहत किसानों की सभी कृषि भूमि के रिकॉर्ड को आधार कार्ड से लिंक किया जा रहा है, ताकि भविष्य में योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाया जा सके।

18 नवंबर से शुरू हुआ था अभियान, शुरुआती दौर में रही धीमी रफ्तार

जनपद में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की शुरुआत बीते वर्ष 18 नवंबर को की गई थी। इसके लिए लगभग 3300 जन सुविधा केंद्रों को जिम्मेदारी सौंपी गई। शुरुआत में ग्राम पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर किसानों की रजिस्ट्री कराने की योजना बनाई गई थी, लेकिन यह प्रयास अपेक्षित रूप से सफल नहीं हो सका और कई महीनों तक रजिस्ट्री की गति काफी धीमी रही।

तकनीकी खामियों से भी प्रभावित हुआ अभियान

अभियान के दौरान खातों में अंश निर्धारण की त्रुटि, नाम मिसमैच जैसी तकनीकी समस्याएं सामने आईं। इन खामियों को दूर करने के लिए कर्मचारियों को लगाया गया, जिससे प्रक्रिया में और देरी हुई।

अभी तब केवल 2.32 लाख किसानों की ही हो सकी रजिस्ट्री

साल भर से अधिक समय बीतने के बावजूद जनपद में अब तक केवल 2,32,222 किसानों की ही फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो सकी है। वहीं, 82,175 किसान अब भी इस प्रक्रिया से बाहर हैं, जिससे शासन स्तर पर चिंता बढ़ गई है।

शासन की समीक्षा के बाद जिला प्रशासन हुआ सख्त

बीते दिनों शासन स्तर पर फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा की गई, जिसमें पीलीभीत की प्रगति असंतोषजनक पाई गई। इसके बाद शासन ने जनपद में जल्द से जल्द फार्मर रजिस्ट्री का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।

डीएम ने फरवरी के अंत तक लक्ष्य पूरा करने के दिए निर्देश

शासन के निर्देशों के बाद जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कृषि विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को फरवरी माह के अंत तक सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी कराने के आदेश दिए हैं। इसके तहत ग्राम पंचायतों में कैंप लगाकर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए गए हैं।

कैंप लगाकर किसानों को किया जा रहा है प्रेरित

कृषि विभाग के अधिकारी अब सक्रिय रूप से गांव-गांव जाकर कैंप आयोजित कर रहे हैं। उप कृषि निदेशक राम मिलन परिहार ने बुधवार को बहरूआ गांव पहुंचकर वंचित किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया।

अधीनस्थों को दिए गए सख्त निर्देश

उप कृषि निदेशक राम मिलन परिहार ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा इसी माह के अंत तक सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में सभी अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को लक्ष्य पूर्ण करने के लिए निर्देशित कर दिया गया है।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *