(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। जनपद के गजरौला मंदिर के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। नेपाल से आ रही एक टूरिस्ट गाड़ी, जिसमें 7 से 8 नेपाली नागरिक सवार थे, अचानक सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। इस भीषण भिड़ंत में एक नेपाली नागरिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल 1033एन एच एम्बुलेंस सेवा की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एम्बुलेंस ड्यूटी पर तैनात बबलू हरिओम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मेडिकल कॉलेज पीलीभीत में भर्ती कराया गया है, जहां एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।घायलों की पहचान वीर बहादुर, निर्मल शाही, वादल और चित्रा गौरी के रूप में हुई है, जो सभी जादर कोर्ट, नेपाल के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान पदम बहादुर खत्री निवासी नेपाल के रूप में हुई है।फिलहाल पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घायलों का मेडिकल कॉलेज पीलीभीत में उपचार जारी है।

