(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत।पीलीभीत के महोफ रेंज क्षेत्र के जंगल में मिली जानकारी के अनुसार एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल में शव मिलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
दो दिन से लापता थी पारुल राय
मृतका की पहचान पारुल राय पत्नी सुकुमार राय, निवासी भद्र कॉलोनी महोफ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पारुल राय पिछले दो दिनों से लापता थीं। परिजनों द्वारा उनकी तलाश की जा रही थी, तभी जंगल में उनका शव मिलने की सूचना मिली।
शरीर पर मिले घाव के निशान, वन्य जीव के हमले की आशंका
महिला के शरीर पर गहरे घाव के निशान पाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि संभवतः बाघ या तेंदुए ने महिला पर हमला किया है। हालांकि यह स्पष्ट रूप से अभी नहीं कहा जा सकता कि हमला किस वन्य जीव ने किया है।
वन विभाग और पुलिस मौके पर, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं क्षेत्रीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किस कारण और किस वन्य जीव के हमले से हुई।
जांच रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। वन विभाग हमले के संभावित वन्य जीव की पहचान में जुटा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा।

