सरकार की नई पहल: पीलीभीत के पूरनपुर में बनेगा 1.41 करोड़ का पंचायत उत्सव भवन..ग्रामीण आयोजनों को मिलेगा स्थायी ठिकाना, बिलंदपुर अशोक में बनेगा पंचायत उत्सव भवन

Share Also

(रिंटू वर्मा)

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद के पूरनपुर तहसील के  ग्रामीण अंचलों में रहने वाले लोगों को  विवाह सहित अन्य कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। प्रदेश सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पंचायत उत्सव भवन बनाए जाने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में शासन ने पीलीभीत जनपद के पहले पंचायत उत्सव भवन को मंजूरी प्रदान कर डी है।

पूरनपुर विधानसभा को मिला पहला पंचायत उत्सव भवन

शासन की ओर से पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव बिलंदपुर अशोक में पंचायत उत्सव भवन बनाए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस भवन के निर्माण पर कुल 1.41 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य के लिए शासन ने पहली किश्त के रूप में 70 लाख रुपये की धनराशि भी जारी कर दी है।

टेंडर प्रक्रिया के बाद शुरू होगा निर्माण कार्य

अधिकारियों के मुताबिक, टेंडर प्रक्रिया समेत सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही पंचायत उत्सव भवन का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। पंचायत राज विभाग की निगरानी में पूरे निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

ग्रामीण आयोजनों के लिए बड़ी राहत

ग्रामीण क्षेत्रों में शादी-विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए भले ही कुछ स्थानों पर बारातघर बनाए गए हों, लेकिन अधिकांश गांवों में अब भी ऐसी सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में पंचायत उत्सव भवन बनने से ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में बड़े आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

522 वर्ग मीटर में बनेगा आधुनिक भवन

पंचायत उत्सव भवन का निर्माण 522 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किया जाएगा। इसमें एक बड़ा हॉल, एक स्टेज और 100 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता होगी। इसके अलावा भवन में तीन कमरे, शौचालय और रसोईघर का निर्माण भी प्रस्तावित है।

निर्धारित शुल्क पर मिलेगा भवन का उपयोग

पंचायत उत्सव भवन का संचालन पंचायत राज विभाग के माध्यम से किया जाएगा। आम लोगों को भवन उपयोग के लिए निर्धारित शुल्क जमा करना होगा, जिससे इसके रख-रखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

जिला पंचायतराज अधिकारी रोहित भारती का कथन

रोहित भारती, जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि शासन ने पूरनपुर विधानसभा के बिलंदपुर अशोक में पंचायत उत्सव भवन के निर्माण को मंजूरी दी है। इसके लिए 70 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भवन निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।


 


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *