पीलीभीत।पूरनपुर तहसील क्षेत्र के धनाराघाट स्थित शारदा नदी तट पर मौनी अमावस्या के अवसर पर आयोजित मेले के दौरान रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने से दो किशोर डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में एक युवक भी तेज बहाव की चपेट में आ गया। तीनों की मौत से मेले में शोक और भय का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंदिया हजारा निवासी सौरभ (पुत्र निताई) और सुमित (पुत्र सुशांत), दोनों की उम्र करीब 14–15 वर्ष बताई जा रही है, अपने-अपने परिजनों के साथ मेले में आए थे। स्नान करते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नदी की गहराई में चले गए। किशोरों को डूबता देख घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना देख मौके पर मौजूद अवधेश, शिवम विश्वास और अमित ने साहस दिखाते हुए नदी में कूदकर बचाव का प्रयास किया। इस दौरान अमित और शिवम किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन अवधेश तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया।
काफी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों और युवक अवधेश के शव शारदा नदी से बरामद कर लिए गए। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। घटना के बाद मेले में आए श्रद्धालुओं में भय व्याप्त हो गया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि भारी भीड़ के बावजूद नदी तट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। उन्होंने भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।

