(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। आशा चयन की कार्यवाही समय से पूर्ण न किए जाने पर जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित भारती ने सख्त रुख अपनाया है। पूरनपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत अधिकारी पंकज आर्य और ग्राम विकास अधिकारी विजय राज की लापरवाही पर कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन अग्रिम आदेश तक अवरुद्ध कर दिया गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित भारती द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने आशा चयन की प्रक्रिया पूरी नहीं की। ग्राम सभा की खुली बैठक में चयन किए जाने के स्पष्ट निर्देशों के बाद भी न तो नामांकन विवरण उपलब्ध कराया गया और न ही चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया।
बताया गया कि पूरनपुर विकास खंड के ग्राम टांडा छत्रपति एवं गौटिया में दो पद तथा कदैरचौरा ता. गजरौला में चार पद रिक्त होने के बावजूद चार माह बीत जाने के बाद भी चयन कार्य अधूरा है। इसके अलावा 14 जनवरी 2026 को आयोजित जूम वीसी समीक्षा बैठक में भी संबंधित अधिकारी अनुपस्थित रहे, जिससे प्रगति की समीक्षा नहीं हो सकी।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने इसे घोर लापरवाही मानते हुए निर्देश दिए हैं कि आशा चयन की कार्यवाही तत्काल पूरी कर चयनित आशाओं की सूचना सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अथवा खंड विकास अधिकारी के माध्यम से 19 जनवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। निर्धारित समयसीमा का पालन न होने की स्थिति में जनवरी माह 2026 का वेतन भी रोकते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी।

