पीलीभीत में मनेगा उत्तर प्रदेश दिवस–2026“विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत” थीम पर तीन दिवसीय का होगा भव्य आयोजन

Share Also

(रिंटू वर्मा)

पीलीभीत।जनपद पीलीभीत में उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का आयोजन 24, 25 एवं 26 जनवरी को गांधी प्रेक्षागृह, गांधी स्टेडियम परिसर में भव्य रूप से किया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम की मुख्य थीम विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत” निर्धारित की गई है। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनियां, स्टॉल, सम्मान एवं वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विभिन्न विभागों के लगेंगे स्टॉल

उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर पंचायत राज, बैंक, कौशल विकास मिशन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, ग्राम्य विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा, पशुपालन, सहकारिता, डूडा, कृषि एवं उद्यान, गन्ना, समाज कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण, महिला कल्याण, नेडा, चिकित्सा, श्रम, मत्स्य तथा खादी ग्रामोद्योग विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

प्रशासन ने सौंपी अधिकारियों को जिम्मेदारियां

जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह के निर्देश पर कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिला विकास अधिकारी को जनप्रतिनिधियों के स्वागत एवं बैठक व्यवस्था, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण को आमंत्रण, स्टॉल आवंटन एवं समन्वय का दायित्व दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लाभार्थियों की बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, जबकि जिला पंचायत राज अधिकारी फ्लैक्सी, बैकड्रॉप एवं एलईडी की व्यवस्था देखेंगे। इसके अलावा चिकित्सा, अग्निशमन, विद्युत, स्वच्छता एवं पेयजल की समुचित व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

24 जनवरी को होगा मुख्य कार्यक्रम

24 जनवरी को प्रातः 10.30 बजे अतिथियों का आगमन एवं प्रदर्शनी भ्रमण होगा। इसके बाद माननीय मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा। दीप प्रज्ज्वलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात उत्तर प्रदेश दिवस की थीम पर विशेष प्रस्तुतियां होंगी। अपराह्न में मुख्य अतिथियों के उद्बोधन के साथ राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर खेल एवं शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चाभी, टूलकिट एवं उपकरण वितरित किए जाएंगे।

25 जनवरी को मतदाता दिवस व उद्योग कार्यक्रम

25 जनवरी को प्रातः मतदाता दिवस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्रकला प्रतियोगिता, कृषक गोष्ठी, मतदाता जागरूकता एवं शपथ समारोह संपन्न होगा। अपराह्न में उद्योग विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा एमएसएमई क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।

26 जनवरी को खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

26 जनवरी को गणतंत्र दिवस से जुड़े कार्यक्रमों के साथ प्रातः 10.30 बजे से सायं 3 बजे तक बालक-बालिकाओं की 800 मीटर ओपन दौड़, फुटबॉल एवं 10-क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सायं 3 बजे जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के इस आयोजन में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता कर प्रदेश की विकास यात्रा और उपलब्धियों से परिचित हों।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *