पीलीभीत।उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के माला रेंज में बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। दरअसल यह मृत बाघ धमेला वॉच टावर के पास मिला। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सीलकर जांच शुरू कर दी गई।
मृत बाघ के शव को नियमानुसार पोस्टमार्टम के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) बरेली भेज दिया गया है। विशेषज्ञों की टीम पोस्टमार्टम कर मौत के कारणों की विस्तृत जांच करेगी।
रात 2 बजे सीसीएफ ने किया निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीसीएफ (मुख्य वन संरक्षक) ने रात करीब 2 बजे घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
प्रोजेक्ट टाइगर के नोडल अधिकारी आज करेंगे दौरा
आज प्रोजेक्ट टाइगर के नोडल अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेंगे। वन विभाग द्वारा सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) का पालन करते हुए साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
फिलहाल बाघ की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। एहतियातन क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और आसपास के इलाकों में निगरानी कड़ी कर दी गई है।

