पीलीभीत। उत्तरप्रदेश के पीलीभीत जिले के सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के ग्राम श्रीनगर गोटिया में शनिवार सुबह एक गन्ने के खेत में तेंदुए का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह तेंदुआ पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में सक्रिय था। ग्रामीणों की सूचना के आधार पर सामाजिक वानिकी विभाग लगातार उसकी निगरानी कर रहा था, लेकिन तेंदुए को पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी श्रीनगर गोटिया से सटे गन्ने के खेत में तेंदुए का मृत शरीर दिखाई दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सामाजिक वानिकी को अवगत कराया गया। रेंजर मनोज श्रीवास्तव सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय ले जाया गया।
उत्तरी सेहरामऊ क्षेत्र के एक गन्ने के खेत मे एक तेंदुआ का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सा संस्थान, बरेली भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।-भरत कुमार डी के डीएफओ सामाजिक वानिकी पीलीभीत


Good