(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। उत्तरप्रदेश के पीलीभीत के थाना घुंघचाई पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नकली कफ सिरप बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नकली कफ सिरप व निर्माण सामग्री बरामद की है।अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व एवं क्षेत्राधिकारी पूरनपुर के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई में अभियुक्त सुरेश कुमार पुत्र कामता प्रसाद, निवासी ग्राम लाह, थाना पूरनपुर, जनपद पीलीभीत को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 340 शीशियां टोपेक्स गोल्ड एवं 35 शीशियां Coyorex-T कफ सिरप बरामद की गईं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना घुंघचाई में बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं ट्रेड मार्क एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यूट्यूब से सीखी तकनीक, घर में करता था निर्माण
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पूर्व में सिटी अस्पताल पीलीभीत में कम्पाउंडर रह चुका है। इसके बाद उसने अपने गांव व शाहजहांपुर जनपद के खुटार क्षेत्र में छोटे क्लीनिक भी संचालित किए। करीब दो वर्ष पूर्व उसने यूट्यूब के माध्यम से नकली कफ सिरप बनाने की तकनीक सीखी और अपने घर में ही अवैध रूप से सिरप तैयार कर बिक्री शुरू कर दी।आरोपी ने बताया कि कोरेक्स सिरप की बिक्री पर रोक लगने के बाद उसने टोपेक्स गोल्ड व Coyorex-T जैसे मिलते-जुलते नामों के रैपर छपवाए। स्प्रिट, फ्लेवर, डीएक्स सिरप के घोल व चीनी के शीरे से नकली कफ सिरप तैयार कर वह उसे असली जैसा रूप देता था। एक बार में वह करीब 350 शीशियां तैयार करता और इन्हें मेडिकल स्टोरों व गांव-कस्बों में नशेड़ियों को ऊंचे दामों पर बेचता था।
पुलिस की सख्ती, अन्य संलिप्तों की भी जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से नकली दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगेगा। आरोपी द्वारा बताए गए मेडिकल स्टोरों व अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भी जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बरामद सामग्री
- 340 शीशियां Topex Gold कफ सिरप
- 35 शीशियां Coyorex-T कफ सिरप
- 488 नई खाली शीशियां (बिना ढक्कन)
- 1939 ढक्कन व 110 रैपर
- स्प्रिट से भरी 03 शीशियां
- छोटा गैस सिलेंडर
- एक मोटरसाइकिल
नकली सिरप बनाने का तरीका
- यूट्यूब से सीखी तकनीक
- स्प्रिट, फ्लेवर व डीएक्स सिरप का उपयोग
- घर पर ही पैकिंग व लेमिनेशन
- 80 से 100 रुपये में नशेड़ियों को बिक्री

