(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत।जनपद में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की खुलेआम बिक्री और उससे हो रही लगातार जानलेवा घटनाओं को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल में भारी रोष व्याप्त है। इसी क्रम में गुरुवार को संगठन के नगर अध्यक्ष रणवीर पाठक के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सहायक पुलिस अधीक्षक (IPS) नताशा गोयल को ज्ञापन सौंपा और अविलंब कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रतिबंध के बावजूद जारी ‘मौत का सामान’
ज्ञापन सौंपते हुए जिला अध्यक्ष एम.ए. जिलानी ने कहा कि प्रशासन और न्यायालय के स्पष्ट प्रतिबंध के बावजूद शहर में चाइनीज मांझा धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। यह खतरनाक मांझा दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है, वहीं बेजुबान पक्षियों की भी इससे आए दिन मौत हो रही है। उन्होंने इसे आमजन की सुरक्षा से सीधा खिलवाड़ बताया।
खानापूर्ति नहीं, ठोस कार्रवाई हो
नगर अध्यक्ष रणवीर पाठक ने कहा कि अब केवल दिखावटी कार्रवाई से काम नहीं चलेगा। चाइनीज मांझा बेचते पाए जाने वाले दुकानदारों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए, ताकि इस अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लग सके।
सिविल ड्रेस में छापेमारी का सुझाव
प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल महेंद्रू ने पुलिस प्रशासन को सुझाव देते हुए कहा कि चाइनीज मांझे के विक्रेता पुलिस की वर्दी देखते ही सतर्क हो जाते हैं। ऐसे में सिविल ड्रेस में ग्राहक बनकर छापेमारी की जाए, जिससे दोषियों को रंगे हाथों पकड़ा जा सके। वहीं महिला प्रदेश उपाध्यक्ष सपना यादव ने कहा कि कुछ दुकानदार चंद रुपयों के लालच में लोगों की जिंदगी दांव पर लगा रहे हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर जिला अध्यक्ष एम.ए. जिलानी, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल महेंद्रू, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष सपना यादव, नगर अध्यक्ष रणवीर पाठक, महामंत्री राशिद अंसारी, युवा जिला अध्यक्ष शैली शर्मा सहित संगठन के दर्जनों पदाधिकारी मौजूद रहे और एक स्वर में चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

