पीलीभीत। असम हाईवे पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़े आधा दर्जन से अधिक लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक दिव्यांग कपड़ा व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके भाई और भतीजे समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कपड़ा खरीदकर लौट रहे थे भाई
जनपद पीलीभीत के थाना सेहरामऊ क्षेत्र के गांव जोगाराजपुर निवासी मो. बख्श और उनके छोटे भाई, दिव्यांग मो. अजीम कपड़े का व्यापार करते थे। बुधवार को दोनों भाई पूरनपुर से कपड़े खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में खुटार हाईवे पर थाना सेहरामऊ क्षेत्र के गढ़वाखेड़ा के पास वे चंद्रशेखर पुत्र मुनेश के ठेले पर रुककर चाट खाने लगे।
तेज रफ्तार ट्रक ने कुचले लोग
इसी दौरान पूरनपुर की ओर से तेज और अनियंत्रित गति से आ रहे ट्रक ने मो. बख्श, मो. अजीम, ठेला संचालक चंद्रशेखर समेत वहां मौजूद कई लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
अस्पताल में अजीम को मृत घोषित किया गया
सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने सभी घायलों को पूरनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने 21 वर्षीय मो. अजीम को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मो. बख्श की टांग बुरी तरह कुचल गई, जबकि चंद्रशेखर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य घायलों का उपचार निजी अस्पताल में कराया गया।
ट्रक व चालक पुलिस की हिरासत में
पुलिस ने मौके से ट्रक और चालक को कब्जे में ले लिया है। हादसे को लेकर जांच की जा रही है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

