रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। जनपद के राजकीय मेडिकल कॉलेज की दशा अब जल्द ही सुधरने वाली है। कॉलेज परिसर में लंबे समय से लंबित आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर शासन स्तर से सभी प्रमुख प्रस्तावों को स्वीकृति मिल गई है। सड़क निर्माण, बाउंड्री वॉल, ड्रेनेज सिस्टम और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य को मंजूरी मिलने के बाद शीघ्र ही कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने परिसर की जमीनी हकीकत को देखते हुए शासन को विस्तृत प्रस्ताव भेजा था। कॉलेज में बरसात के दौरान जलभराव, आंतरिक सड़कों की खराब स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की कमी जैसी समस्याएं सामने आ रही थीं। इन समस्याओं के समाधान के लिए सड़क सुदृढ़ीकरण, जल निकासी व्यवस्था और परिसर की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रस्ताव तैयार किया गया था।
शासन द्वारा प्रस्ताव पारित होने के बाद अब कॉलेज प्रशासन निर्माण एजेंसियों के माध्यम से कार्य प्रारंभ कराने की तैयारी में जुट गया है। सड़क निर्माण से जहां आवागमन सुगम होगा, वहीं ड्रेनेज सिस्टम के बनने से जलभराव की समस्या समाप्त होगी। एसटीपी के निर्माण से कॉलेज परिसर का गंदा पानी वैज्ञानिक तरीके से शुद्ध किया जा सकेगा, जिससे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा कॉलेज की परिधि पर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और बाहरी अवांछित गतिविधियों पर रोक लगेगी। इन सभी विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद मेडिकल कॉलेज की आधारभूत संरचना में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा, जिसका सीधा लाभ मरीजों, विद्यार्थियों और स्टाफ को मिलेगा।
स्वशासी राजकीय महाविद्यालय खाग में भी शुरू होगा बाउंड्री निर्माण कार्य
इधर स्वशासी राजकीय महाविद्यालय खाग में भी महत्वपूर्ण निर्माण कार्य को स्वीकृति मिल गई है। हाइवे से सटी महाविद्यालय की भूमि पर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा। वर्तमान में खुला क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा और अतिक्रमण की आशंका बनी रहती थी। बाउंड्री वॉल बनने से परिसर की सुरक्षा मजबूत होगी और शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनेगा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि दोनों शिक्षण संस्थानों में होने वाले ये विकास कार्य जनपद के लिए बड़ी सौगात साबित होंगे। शासन की मंजूरी मिलने के बाद अब जल्द ही धरातल पर काम शुरू होने की उम्मीद है। आने वाले समय में मेडिकल कॉलेज और महाविद्यालय की बदली हुई तस्वीर जनपद की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देगी।
“मेडिकल कॉलेज मे सड़क निर्माण, बाउंड्री वॉल, ड्रेनेज सिस्टम और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और महाविद्यालय की बॉउंड्री के निर्माण को लेकर शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। शासन स्तर से प्रस्ताव पास कर दिया गया है जल्द ही निर्माण कार्य शुरू ही जायेगा – डॉ संगीता अनेजा प्राचार्या मेडिकल कॉलेज पीलीभीत

