रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय पीलीभीत की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने होली पर्व को देखते हुए अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सिटी स्कैन, एक्स-रे तथा दवा काउंटर 24 घंटे संचालित रखने के सख्त निर्देश दिए।

ट्रामा सेंटर के प्लास्टर रूम को शिफ्ट करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्राचार्या ने ट्रामा सेंटर में स्थित प्लास्टर रूम को पुरुष अस्पताल में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि वर्तमान व्यवस्था में मरीजों को प्लास्टर कराने के लिए अनावश्यक रूप से दूर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें असुविधा होती है। नई व्यवस्था से मरीजों को राहत मिलेगी।

होली पर 24 घंटे खुली रहेंगी जरूरी सेवाएं
प्राचार्या ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होली पर्व के दौरान एक्स-रे, सिटी स्कैन और दवाई काउंटर 24 घंटे खुले रहेंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी मरीज को उपचार या जांच के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इमरजेंसी, आईसीयू और अन्य विभागों का निरीक्षण
अस्पताल पहुंचकर प्राचार्या ने इमरजेंसी वार्ड, सिटी स्कैन कक्ष, दवा काउंटर और आईसीयू का निरीक्षण किया। इस दौरान तैनात डॉक्टरों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि त्योहार के समय भी स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से चलती रहें।
रेफरल रजिस्टर अपडेट रखने के सख्त निर्देश
प्राचार्या ने विशेष रूप से इमरजेंसी और आईसीयू में रेफरल रजिस्टर को पूर्ण रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रजिस्टर में मरीज का नाम, किस अस्पताल में रेफर किया गया, किस डॉक्टर द्वारा, कितने समय पर और किस एंबुलेंस से भेजा गया सभी विवरण स्पष्ट रूप से दर्ज होने चाहिए।।

