रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला पुरुष अस्पताल को होली पर्व के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्मित नए भवन में शिफ्ट करने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। अस्पताल प्रशासन द्वारा शिफ्टिंग को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं, जिससे होली के तुरंत बाद नए भवन में मरीजों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जानकारी के अनुसार, वर्तमान में संचालित पुरुष अस्पताल को मेडिकल कॉलेज परिसर में तैयार किए गए अत्याधुनिक भवन में स्थानांतरित किया जाएगा, जहां 200 बेड की क्षमता के साथ अस्पताल का संचालन किया जाएगा। नए भवन में मरीजों के इलाज के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी राहत मिलेगी।
एक ही परिसर में मिलेंगी सभी सुविधाएं
नए भवन में ओपीडी (आउट पेशेंट विभाग), आईपीडी (इन पेशेंट विभाग), आपातकालीन सेवाएं, विभिन्न जांच कक्ष, सुव्यवस्थित वार्ड, ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम, आधुनिक उपकरणों से युक्त उपचार कक्ष सहित अन्य आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे मरीजों को जांच, उपचार और परामर्श के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और समय पर इलाज मिल सकेगा।
प्राचार्या ने किया निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा
सोमवार को मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा नेअस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि होली त्योहार के बाद पुरुष अस्पताल को नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा।प्राचार्या ने बताया कि शिफ्टिंग को लेकर विभागीय स्तर पर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन का प्रयास है कि अस्पताल के स्थानांतरण के दौरान मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और चिकित्सा सेवाएं प्रभावित न हों।
दूरदराज के मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ
अस्पताल के नए भवन में शिफ्ट होने से जिले के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्हें एक ही परिसर में जांच, इलाज और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा मिल सकेगी। इससे मरीजों का समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
आधुनिक मानकों के अनुरूप तैयार किया गया भवन
अस्पताल का नया भवन आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के मानकों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। यहां मरीजों की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर इलाज की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। साथ ही ऑक्सीजन सपोर्ट, बेहतर बेड व्यवस्था और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की सुविधा से गंभीर मरीजों का उपचार भी अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
अस्पताल प्रशासन का मानना है कि नए भवन के शुरू होने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। यह कदम जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

