वर्ष 2025 में पीलीभीत नगर पालिका का ऐतिहासिक विकास, चेयरमैन डॉ. आस्था अग्रवाल के नेतृत्व में बदली शहर की तस्वीर

Share Also

 

पीलीभीत। नगर पालिका परिषद पीलीभीत में वर्ष 2025 के दौरान चेयरमैन डॉ. आस्था अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापक, योजनाबद्ध और जनहितकारी विकास कार्य कराए गए। सड़क, नाली, पथ प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं से जुड़े दर्जनों कार्यों को धरातल पर उतारते हुए नगर पालिका ने शहरवासियों को बड़ी राहत दी है। इन कार्यों से न सिर्फ आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ हुईं, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।

सड़क व नाली निर्माण पर विशेष फोकस

वर्ष 2025 में नगर के लगभग सभी वार्डों में सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्य कराए गए। जर्जर सड़कों का पुनर्निर्माण कर आवागमन को सुगम बनाया गया, वहीं वर्षों से चली आ रही जलभराव, कीचड़ और यातायात की समस्या से नागरिकों को राहत मिली।


जल निकासी व्यवस्था हुई सुदृढ़

बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में आरसीसी और कवर नालियों का निर्माण कराया गया। मुख्य मार्गों के साथ-साथ आवासीय इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया गया।


पथ प्रकाश से बढ़ी सुरक्षा और चमक

नगर में पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए लगभग 2500 प्वाइंट पर स्ट्रीट लाइटें लगवाई गईं, जबकि 145 प्रमुख स्थानों पर हाईमास्ट लाइट पोल स्थापित किए गए। इससे रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था बेहतर हुई और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिली।


पेयजल आपूर्ति में ऐतिहासिक सुधार

हर घर जल योजना के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ किया गया। शहर में तीन नए नलकूप स्थापित किए गए और पाइप लाइन लीकेज की समस्या का समाधान कराया गया।
मोहल्ला पूरनमल, जहां पिछले 20 वर्षों से घरों में पानी नहीं पहुंच रहा था, वहां नियमित जलापूर्ति शुरू कराई गई। इसके साथ ही कई किलोमीटर नई पाइप लाइन बिछाई गई। प्रमुख स्थानों पर आरओ प्लांट, वाटर कूलर और राहगीरों की सुविधा के लिए हैंडपंप भी स्थापित किए गए।


सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं का विस्तार

डॉ. आस्था अग्रवाल के कार्यकाल में पार्कों का सौंदर्यीकरण, ओपन जिम, ओपन स्पेस पार्क, तालाबों का विकास, सेल्फी प्वाइंट और सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया गया। इन प्रयासों से स्वच्छ भारत मिशन को भी मजबूती मिली है।


योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन

नगर विकास योजना, राज्य सेक्टर योजना, स्वच्छ भारत मिशन, सीवरेज और जल निकासी योजनाओं के तहत कराए गए कार्यों ने यह सिद्ध किया कि योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर उतारी गईं।
इसके अतिरिक्त मेस्टर्न लाइब्रेरी स्थित ऐतिहासिक भवन में नगर पालिका गेस्ट हाउस का निर्माण, समीप डिजिटल लाइब्रेरी और संग्रहालय की स्थापना तथा वाटर वर्क्स कंपाउंड में 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बारात घर का निर्माण कार्य प्रगति पर है।


स्वच्छता व्यवस्था में नवाचार

शहर को स्वच्छ रखने के लिए नाइट स्वीपिंग व्यवस्था लागू की गई, जिससे सुबह नागरिकों को साफ-सुथरी सड़कें मिल रही हैं। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन योजना भी प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है।


कर्मचारी हितों को मिली प्राथमिकता

नगर पालिका कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित भुगतान को प्राथमिकता देते हुए पिछले दो वर्षों में लगभग 7 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया भुगतान कराया गया। कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर पालिका कार्यालय में कर्मचारी सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।


डॉ आस्था का वक्तव्य

नगर पालिका परिषद की चेयरमैन डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि नगर का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आने वाले समय में भी नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *