रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। शहर के सौंदर्यीकरण और यातायात सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर पालिका परिषद पीलीभीत द्वारा नौगवां फ्लाईओवर ब्रिज को अत्याधुनिक स्ट्रीट लाइटों से सुसज्जित कर दिया गया है। शनिवार की शाम पालिका अध्यक्ष ने स्विच दबाकर 64 स्ट्रीट लाइट पोल का लोकार्पण किया। जैसे ही लाइटें शुरू हुईं, पूरा फ्लाईओवर रंगीन रोशनी से जगमगा उठा और शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बन गया।
मोबाइल से ऑनलाइन किया गया लोकार्पण
पालिका अध्यक्ष ने शिलापट का अनावरण करने के बाद मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन स्ट्रीट लाइटों का स्विच ऑन कर लोकार्पण किया। इस आधुनिक तकनीक से किए गए शुभारंभ को लोगों ने खास और यादगार बताया।
‘टाइगर’ और ‘बांसुरी’ थीम से बढ़ी सुंदरता
नगर पालिका परिषद द्वारा फ्लाईओवर के दोनों ओर 32-32 स्टेनलेस स्टील के कुल 64 स्ट्रीट लाइट पोल लगाए गए हैं। इन पोलों की खास बात यह है कि इनमें पीलीभीत टाइगर रिजर्व की पहचान ‘टाइगर’ की आकृति और जिले की सांस्कृतिक पहचान मानी जाने वाली बांसुरी की कलाकृति को शामिल किया गया है। इससे फ्लाईओवर की सुंदरता और भी आकर्षक हो गई है।
लोकार्पण समारोह में उमड़ी लोगों की भीड़
लोकार्पण कार्यक्रम शनिवार, 14 फरवरी 2026 को सायं 5:45 बजे आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शहर के महिला-पुरुष शामिल हुए। जैसे ही स्ट्रीट लाइटों का स्विच ऑन हुआ, पूरा फ्लाईओवर रोशनी से नहा उठा और मौके पर मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अपनी खुशी जाहिर की।
देर रात तक लोगों की लगी रही भीड़
स्ट्रीट लाइटें शुरू होने के बाद देर रात तक शहरवासी फ्लाईओवर की खूबसूरती देखने पहुंचते रहे। लोग वहां वीडियो बनाते और फोटो खिंचवाते नजर आए। कई लोगों ने इसे शहर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।
जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर सभासद साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा, राशिद हुसैन, इकबाल हजरत, अवतार सिंह मोनू, निर्मल सिंह टीटू, विपिन राजू फौजी, अनस अंसारी, मोहम्मद शरीफ, कुमकुम अग्रवाल, अंजलि आदर्श, अर्चना खंडेलवाल, डॉ अनुरीता सक्सेना, पदमा अग्रवाल, मधु कुमार, मीना बग्गा, पूनम चंद्र, डॉ सरिता, सुधा, मिरला, नीता अग्रवाल, गौरी, मेघा अग्रवाल, इमरान अंसारी, विकास बाबू, मोहन स्वरूप, इंजीनियर पंकज राजपूत, सुनील राठौर, रईस बेग, प्रशांत जैसवार, संतोष सक्सेना, अरुण उपाध्याय, विपिन मिश्रा, नरेंद्र तिवारी, कमलेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

