पीलीभीत। जमीन पर अवैध कब्जे और संगठित रूप से आर्थिक अपराधों को अंजाम देने के मामलों में कोतवाली पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए पिंक सिटी कॉलोनी से जुड़े 10 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जिला मजिस्ट्रेट से अनुमोदन मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में दर्ज कई आपराधिक मामलों के आधार पर गिरोहबद्ध अपराध के पर्याप्त साक्ष्य सामने आए हैं।
यह था मामला
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नामजद आरोपी अहमद नबी, हनीफ, एजाज, परवेज मलिक, बाबू उर्फ अरशद, मोहम्मद फारूक, मोहम्मद यूसुफ, यूनुस, इमाम शमशुल और अकील अहमद लंबे समय से एक संगठित गिरोह के रूप में सक्रिय थे। मार्च 2024 में पिंक सिटी कॉलोनी में जमीन पर कब्जे को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया था। पीड़ित के विरोध करने पर आरोपियों ने भीड़ जुटाकर न सिर्फ उकसाया बल्कि जानलेवा हमला किया। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला हुआ और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस प्रकरण में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थीं, जिनमें से एक में आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है।
पुलिस की कार्रवाई
लगातार आपराधिक गतिविधियों और गिरोह बनाकर अपराध करने के साक्ष्य मिलने पर कोतवाली पुलिस ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट को भेजी थी। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह से अनुमति मिलने के बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना सुनगढ़ी थाना प्रभारी को सौंपी गई है।

