पीलीभीत। सीओ पूरनपुर के नेतृत्व में थाना पूरनपुर पुलिस ने 28 दिसंबर की रात लगभग 8 बजे माधोटांडा रोड पर रामपुर माइनर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई की। चेकिंग के समय मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पीछा किए जाने पर खेतों के पास उनकी मोटरसाइकिल गिर गई। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में दोनों अभियुक्तों के घुटने के नीचे गोली लगी।घायल अभियुक्तों की पहचान बब्बू पुत्र इनायततुल्ला (42 वर्ष) एवं अफजाल पुत्र पुत्तन (35 वर्ष), निवासी लाइनपार साहूकारा, थाना पूरनपुर के रूप में हुई है। दोनों को उपचार हेतु सीएचसी पूरनपुर भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई है। पुलिस द्वारा अग्रिम आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों ने 25 दिसंबर 2025 को थाना पूरनपुर क्षेत्र अंतर्गत शेरपुर कुंडा पुलिया के पास गौकशी की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में थाना पूरनपुर पर मु0अ0सं0-766/2025 धारा 3/5/8 सीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
अभियुक्त अफजाल पर पूर्व में गौकशी, पशु क्रूरता अधिनियम, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम व गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अभियुक्त बब्बू का भी गौवध एवं अन्य मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को बड़ी सफलता बताते हुए क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण का दावा किया है।

