(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत फिट युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत रविवार को गांधी स्टेडियम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले की बीसलपुर, पूरनपुर, बरखेड़ा और पीलीभीत विधानसभा क्षेत्रों से चयनित खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने किया कार्यक्रम का शुभारम्भ
कार्यक्रम की शुरुआत खिलाड़ियों द्वारा अनुशासित मार्च पास्ट से हुई। चारों विधानसभा क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने केंद्रीय राज्य मंत्री वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी जितिन प्रसाद को सलामी दी। मार्च पास्ट के दौरान खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के इशारे पर कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए। इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री ने रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़कर प्रतियोगिताओं का औपचारिक शुभारंभ किया।
डीएम और बीएसए ने किया मंत्री का स्वागत
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने केंद्रीय राज्य मंत्री का स्वागत किया। इसके उपरांत जितिन प्रसाद ने 100 मीटर सीनियर बालक एवं बालिका वर्ग की दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिताओं की शुरुआत कराई।
भारत सरकार खिलाड़ियों को हर स्तर पर बढ़ावा देने के लिए संकल्पित है- मंत्री जितिन प्रसाद
केंद्रीय राज्य मंत्री ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार खिलाड़ियों को हर स्तर पर बढ़ावा देने के लिए संकल्पित है। उन्होंने युवाओं से अधिक मेहनत करने, नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेने और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार अब खिलाड़ियों को पुरस्कार स्वरूप धनराशि के साथ-साथ नौकरियों के अवसर भी प्रदान कर रही है।
100 मीटर की दौड़ में दौड़े मंत्री सहित अन्य
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष आकर्षण तब देखने को मिला जब केंद्रीय राज्य मंत्री स्वयं 100 मीटर की दौड़ में उतरे और सबसे आगे निकलते हुए युवाओं का उत्साह बढ़ाया। इस दौड़ में भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी भी उनके साथ शामिल रहे।
प्रतियोगिता परिणाम
100 मीटर सीनियर बालक वर्ग में शशांक ने प्रथम, इदरीश ने द्वितीय और सरफुद्दीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर बालिका वर्ग में पायल प्रथम, शिवानी द्वितीय और अक्षदीप कौर तृतीय स्थान पर रहीं।
100 मीटर जूनियर बालक वर्ग में आर्य राज प्रथम, हरिश्चंद्र द्वितीय और फरदीन तृतीय रहे। 400 मीटर जूनियर बालक वर्ग में हरप्रीत सिंह प्रथम, मोहित कुमार वर्मा द्वितीय और अर्जुन तृतीय स्थान पर रहे।
1500 मीटर जूनियर बालक वर्ग में मोहित कुमार वर्मा प्रथम, कुश कुमार द्वितीय और अर्जुन तृतीय रहे। सब जूनियर बालक वर्ग में मोहम्मद अबी प्रथम, नावेद अली द्वितीय और फैजल तृतीय स्थान पर रहे।
400 मीटर सीनियर बालिका वर्ग में नेहा प्रथम, उषा द्वितीय और देववती तृतीय रहीं। 800 मीटर सब जूनियर बालक वर्ग में पुष्पेंद्र प्रथम, फैजल द्वितीय और संजीव तृतीय रहे। सीनियर बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में नीलबर प्रथम, नेहा द्वितीय और देववती तृतीय स्थान पर रहीं।
जूडो प्रतियोगिता में सीनियर बालक वर्ग के 48 किलोग्राम भार वर्ग में धर्मेंद्र प्रथम, 57 किलोग्राम में संजीव प्रथम रहे, जबकि 63 किलोग्राम सीनियर बालिका वर्ग में लीलावती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सम्मान समारोह
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर, जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह सहित अन्य अतिथियों ने प्रमाण पत्र और मेडल पहनाकर सम्मानित किया।कार्यक्रम में निर्णायक मंडल, खेल संघों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला क्रीड़ा सचिव राजेश शुक्ला एवं प्रधान अध्यापक दुर्गेश कुमार आर्य ने किया।

