(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बुधवार को एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पीलीभीत से करीब दो सौ स्कूली बच्चों को चार बसों के माध्यम से आईवीआरआई (भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान) बरेली के लिए रवाना किया गया। बसों को बीएसए रोशनी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर विदा किया।
भौगोलिक और वैज्ञानिक जानकारी से होंगे रूबरू
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने बताया कि इस एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य बच्चों को भौगोलिक जानकारी देना तथा उन्हें पशु-पक्षियों और बाहरी दुनिया से परिचित कराना है। इससे बच्चे स्कूली शिक्षा के साथ-साथ देश-दुनिया की उपयोगी जानकारियां भी प्राप्त कर सकेंगे।
बच्चों में दिखा उत्साह
रवानगी से पहले बीएसए रोशनी सिंह ने बस में जाकर बच्चों से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पूछा कि एक्सपोजर विजिट पर जाते हुए कैसा लग रहा है। इस पर बच्चों ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैम, बहुत अच्छा लग रहा है।” बच्चों के चेहरों पर उत्साह साफ झलक रहा था।
आईवीआरआई में मिलेगी विशेष जानकारी
आईवीआरआई बरेली में बच्चों को नाभिकीय वैज्ञानिक प्रयोगशाला, केंचुआ पालन, पशु-पक्षियों को दी जाने वाली वैक्सीन तथा पशुओं में होने वाली बीमारियों से बचाव संबंधी जानकारी संस्थान के विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी। यह विजिट बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक साबित होगी।
अधिकारियों व शिक्षकों की रही मौजूदगी
एक्सपोजर विजिट की रवानगी के अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी नगर सुनील कुमार सिंह, जिला समन्वयक राकेश पटेल, सचिन चौधरी, राजीव कुमार, अजय कुमार, के.के. सागर, श्रीकृष्ण, जितेंद्र कुमार, प्रशांत गंगवार सहित विभाग के तमाम शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

