पीलीभीत  प्राथमिक विद्यालय में  खेलकूद, वार्षिकोत्सव व करियर गाइडेंस कार्यक्रम का भव्य समापन।

Share Also

 

(रिंटू वर्मा)

पीलीभीत। विकास खंड बिलसंडा स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय बमरौली में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता, वार्षिकोत्सव एवं करियर गाइडेंस काउंसलिंग कार्यक्रम का समापन शनिवार को हर्षोल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों ने सराहा।

करियर मार्गदर्शन पर विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी बिलसंडा शिव शंकर मौर्य ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके सवालों के उत्तर दिए और करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और सही दिशा में प्रयास से छात्र-छात्राएं अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।

अतिथियों ने किया बच्चों का उत्साहवर्धन

समारोह में थानाध्यक्ष करेली, पूर्व सेवानिवृत्त अध्यापक राजेश सिंह, हरपाल जी, एआरपी सोमपाल राठौर, मुन्ना जी एवं विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मोबाइल के सीमित उपयोग व अभिभावकों की भूमिका पर जोर

एआरपी सोमपाल राठौर ने बच्चों से मोबाइल फोन के अधिक उपयोग से बचने की अपील की। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और घर पर पढ़ाई के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

गलत संगति से दूर रहने की दी सलाह

थानाध्यक्ष करेली ने बच्चों और अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को गलत आदतों और गलत संगति से दूर रखें। उन्होंने बच्चों से प्रश्न पूछकर उनका मूल्यांकन भी किया, जिसमें सही उत्तर देने पर कक्षा आठ की छात्रा रोशनी को 500 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के अंत में खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन गोपेश शर्मा ने किया।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *