पीलीभीत के टॉह पोटा स्कूल में तिथि भोज, डीएम–बीएसए ने बच्चों संग बैठकर किया भोजन

Share Also

(रिंटू वर्मा)

पीलीभीत। मरौरी ब्लॉक स्थित जूनियर हाई स्कूल टॉह पोटा में बुधवार को तिथि भोज का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह को आमंत्रित किया गया। विद्यालय पहुंचने पर दोनों अधिकारियों ने परिसर का निरीक्षण किया और बच्चों से संवाद कर शैक्षिक गुणवत्ता को परखा।


डीएम–बीएसए को देख खिल उठे बच्चों के चेहरे

सुबह से ही बच्चों को बताया गया था कि कलेक्टर साहब विद्यालय आने वाले हैं, जिससे उनमें खासा उत्साह बना रहा। जैसे ही जिलाधिकारी और बीएसए विद्यालय पहुंचे, बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। सभी विद्यार्थियों को गरिमा व अनुशासन के साथ पंक्तिबद्ध बैठाया गया और बच्चों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।


बच्चों संग बैठकर किया भोजन

तिथि भोज के अवसर पर खीर, पूड़ी-सब्जी, सलाद सहित पौष्टिक व स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं बीएसए रोशनी सिंह ने स्वयं स्कूली बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया, जिससे बच्चों का उत्साह और बढ़ गया।


सरकार दे रही स्कूलों में सभी सुविधाएं : डीएम

भोजन के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों, शिक्षकों एवं ग्रामीण अभिभावकों से कहा कि सरकार विद्यालयों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। जूता-मोजा, स्वेटर, निशुल्क पाठ्यपुस्तकें, स्कूल बैग, बैठने के लिए फर्नीचर और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित स्कूल भेजें और बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई कर माता-पिता का नाम रोशन करने को कहा।


रसोइयों को शाल व नकद पुरस्कार देकर किया सम्मानित

विद्यालय की रसोइयों द्वारा तैयार किए गए पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सभी रसोइयों को शाल ओढ़ाकर तथा नकद ₹500-₹500 का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर रसोइयों में खासा उत्साह देखा गया।


तिथि भोज से पूर्व रसोईघर का किया गया निरीक्षण

कार्यक्रम से पहले जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने रसोईघर का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की व्यवस्था को परखा।


कई अधिकारी, शिक्षक व अभिभावक रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला समन्वयक राकेश पटेल, प्रधानाध्यापक अजय कुमार, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष व सदस्य, ग्राम प्रधान, शिक्षण स्टाफ तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।


 


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *