रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। हुंडई मोटर इंडिया फाउंडेशन (विद्या वाहिनी) एवं अगस्तया इंटरनेशनल फाउंडेशन द्वारा 9 फरवरी को दिल्ली में आयोजित साइंस इन्नोफेस्ट में उत्तर प्रदेश और हरियाणा के 26 जनपदों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जनपद पीलीभीत के कंपोजिट स्कूल बरहा के दो होनहार छात्रों ऋतिक एवं यशपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया।
ड्रोन, मेडल और ट्रॉफी से हुआ सम्मानित
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर दोनों छात्रों को पुरस्कार स्वरूप ड्रोन, मेडल, सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। साथ ही विद्यालय को ट्रॉफी सहित अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार एवं जनपद में खुशी की लहर है।
विशेषज्ञों ने की छात्रों की सराहना
इन्नोफेस्ट के दौरान हुंडई मोटर्स इंडिया फाउंडेशन से पुनीत आनंद (एवीपी कॉर्पोरेट अफेयर्स), राहुल पुंगा तथा अगस्त्या इंटरनेशनल फाउंडेशन के मुकेश कुमार (चीफ एक्सपीरियंस ऑफिसर), विकास कुमार तिवारी (रीजनल मैनेजर नॉर्थ), मनीष शर्मा (डोनर रिलेशनशिप मैनेजर) सहित अन्य अधिकारियों ने छात्रों के मॉडल का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा की सराहना की। पीलीभीत से आशीष कुमार भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
शिक्षकों और अभिभावकों में खुशी
छात्रों की इस सफलता पर कंपोजिट स्कूल बरहा के नोडल शिक्षक संतोष कुमार खरे सहित शिक्षिका ममता, मीना, विजेता, सृष्टि, रूबी, सबीहा, गीता, गुंजन तथा शिक्षक दिनेश, रमेश, पवन, लक्ष्मी समेत विद्यालय परिवार और अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त किया।
बीएसए ने दी बधाई
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी शिक्षकों एवं बच्चों को बधाई दी और इसे जनपद के लिए गर्व की बात बताया।

