पीलीभीत मे टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का बिगुल…चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। जिला मुख्यालय स्थित मरौरी ब्लॉक संसाधन केंद्र पर संयुक्त मोर्चा (टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया) के बैनर तले प्रदेश आह्वान पर जिले के सभी मान्यता प्राप्त शिक्षक संगठनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीईटी अनिवार्यता के विरोध में आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया। सभी शिक्षक संगठनों ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों का पालन करते हुए आंदोलन को सफल बनाने पर सहमति जताई।

“लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाएंगे” — भद्रपाल गंगवार

बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संरक्षक भद्रपाल गंगवार ने की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि शिक्षक अपनी लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाएं। उन्होंने सभी शिक्षकों से एकजुट होकर आंदोलन को मजबूती देने का आह्वान किया। बैठक में शिक्षकों ने कंधे से कंधा मिलाकर आंदोलन चलाने का संकल्प लिया।

22 फरवरी को ट्विटर (एक्स) पर चलेगा हैशटैग अभियान

जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष लालकरन ने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में 22 फरवरी को दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर हैशटैग अभियान चलाया जाएगा, ताकि केंद्र सरकार तक शिक्षकों की आवाज पहुंचाई जा सके।

23 से 25 फरवरी तक काली पट्टी बांधकर करेंगे विरोध

उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में 23 से 25 फरवरी तक शिक्षक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे। इसके बाद 26 फरवरी को दोपहर 1 बजे से 5 बजे तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना दिया जाएगा और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा जाएगा।

मार्च में दिल्ली के रामलीला मैदान में होगी महारैली

आंदोलन के अंतिम चरण में मार्च के तीसरे सप्ताह में नई दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल महारैली आयोजित की जाएगी। इसमें देशभर के शिक्षक शामिल होकर केंद्र सरकार को ज्ञापन सौंपेंगे।

बैठक में दिखा शिक्षकों में भारी रोष

बैठक में टीईटी अनिवार्यता को लेकर शिक्षकों में भारी आक्रोश देखा गया। शिक्षकों ने कहा कि वे चरणबद्ध आंदोलन के माध्यम से अपनी बात केंद्र सरकार तक हर हाल में पहुंचाएंगे।

ये शिक्षक रहे मौजूद 

बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ के दयाशंकर गंगवार, उमेश गंगवार, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष लालकरन, बाबूराम, देवेन्द्र कन्हैया, यूटा के जिला अध्यक्ष राजेश मिश्रा, आराधना कश्यप, मो. अकरम, अंकित भारती, के.के. सागर, मो. मियां वारसी, विमल कुमार, जितेंद्र कुमार, राजेश कुमार, संतोष पासवान, रामौतार, पंकज गंगवार, जोगेन्द्र कुमार, संतोष गंगवार, अमनदीप, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला अध्यक्ष मुकेश अवस्थी, नीरज पाल, प्रेमपाल, रामप्यारे राम सहित दर्जनों शिक्षक मौजूद रहे।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *