पीलीभीत। तहसील कलीनगर क्षेत्र में मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंगलवार को विकासखंड पूरनपुर के ग्राम रानीगंज एवं लक्ष्मीपुर स्थित मंदिर परिसर में माधोटांडा थाना मिशन शक्ति टीम द्वारा कड़ाके की ठंड को देखते हुए जरूरतमंद एवं गरीब लोगों को कंबल वितरित किए गए।
ठंड से बचाव के दिए गए सुझाव
कार्यक्रम में थाना माधोटांडा मिशन शक्ति प्रभारी सोहन सिंह, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, जमुनियां चौकी प्रभारी चंद्रपाल, दीवान डीलक्स शास्त्री, दीवान विपिन कुमार, सिपाही रवि सहित पुलिस टीम के सदस्य मौजूद रहे। टीम ने कंबल वितरण के साथ-साथ लोगों को ठंड से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की सलाह भी दी।
जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें विधवा पेंशन योजना, वृद्धा पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं नशा मुक्ति भारत अभियान शामिल रहे।
लाभार्थियों ने जताया आभार
कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे खिल उठे। लाभार्थियों एवं बुजुर्ग महिलाओं ने माधोटांडा पुलिस और मिशन शक्ति टीम का धन्यवाद करते हुए इस सामाजिक पहल की सराहना की।

