पीलीभीत। आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के बाद डीएम, एसपी तथा उप आबकारी आयुक्त बरेली प्रभार के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब के निर्माण व बिक्री के विरुद्ध सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला आबकारी अधिकारी द्वारा किया गया।दबिश में भारी मात्रा में अवैध कच्ची शराब सहित लहनबरामद किया गया है।
कलीनगर क्षेत्र में संयुक्त दबिश
अभियान के तहत मंगलवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र–1, क्षेत्र–4 व क्षेत्र–5 मय आबकारी स्टॉफ तथा थाना पूरनपुर पुलिस द्वारा कलीनगर क्षेत्र अंतर्गत भगवन्तापुर व पतिभोज ग्रामों सहित हरिपुर रेंज के जंगल से लगे संदिग्ध स्थलों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान लगभग 150 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
लहन व भट्टियां नष्ट, दो आरोपी गिरफ्तार
दबिश के दौरान मौके पर ही लगभग 1000 किलोग्राम लहन एवं दो चढ़ी भट्टियों को नष्ट किया गया। आबकारी अधिनियम के अंतर्गत तीन अभियोग पंजीकृत करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
जंगल में 8 किलोमीटर तक कांबिंग अभियान
कार्रवाई के उपरांत आबकारी विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा हरिपुर रेंज के जंगल क्षेत्र में लगभग 8 किलोमीटर तक कांबिंग अभियान भी चलाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

