पीलीभीत। जनपद में सड़कों और फुटपाथों पर रहने व मिलने वाले अनाथ, परित्यक्त एवं आपात स्थिति में रह रहे व्यक्तियों, महिलाओं और बच्चों के रेस्क्यू तथा पुनर्वासन के लिए शीघ्र ही विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत ऐसे निराश्रितों को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा।
सीडीओ की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की बैठक आयोजित
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को विकास भवन स्थित मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की बैठक संपन्न हुई। बैठक में अभियान को चरणबद्ध तरीके से संचालित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उच्च न्यायालय के आदेश पर गठित हुई टास्क फोर्स
बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुराग श्याम रस्तोगी ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जनपद स्तर पर टास्क फोर्स का गठन किया गया है। टास्क फोर्स समय-समय पर रेस्क्यू अभियान चलाकर सड़कों व फुटपाथों पर रहने वाले अनाथ, परित्यक्त या आपात स्थिति में रह रहे व्यक्तियों व बच्चों को चिन्हित कर उनके पुनर्वासन की कार्यवाही करेगी।
तहसील व ब्लॉक स्तर पर चलेगा अभियान
बताया गया कि निराश्रितों के चिन्हीकरण और रेस्क्यू के लिए तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर भी अभियान चलाया जाएगा। संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों, महिलाओं और बच्चों को आश्रय गृहों में भेजकर आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
सभी विभागों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश
सीडीओ ने टास्क फोर्स के सदस्यों को निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित करें कि वे अपने क्षेत्रों में ऐसे निराश्रितों की पहचान कर तत्काल विभागाध्यक्षों को अवगत कराएं, जिससे समय रहते रेस्क्यू कर पुनर्वासन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल, डीडीओ संजय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी युगलकिशोर सांगुड़ी, जिला समाज कल्याण अधिकारी चंद्रमोहन विश्नोई, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सुरेश कुमार मौर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

