पूरनपुर में पुलिस मुठभेड़… 18 घंटे में गौकशी की घटना का खुलासा

Share Also

 

पीलीभीत। थाना पूरनपुर पुलिस को 19 जनवरी  को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 2 से 3 संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से पूरनपुर से हजारा की ओर गौकशी के इरादे से जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने हरिपुर चौकी के आगे रुद्रपुर नहर की पुलिया के पास चेकिंग अभियान शुरू किया।

भागने के प्रयास में पलटी मोटरसाइकिल

चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे पुलिस को देखकर कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे। मोड़ पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, इसके बाद तीनों संदिग्ध पुलिस टीम से भिड़ गए।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुए अभियुक्त


पुलिस के अनुसार अभियुक्तों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में तीनों अभियुक्तों के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए।

तीन अभियुक्त गिरफ्तार, सीएचसी में भर्ती

घायल अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान भूरा पुत्र सलीम निवासी मकरंदपुर गौटिया, अशोक यादव पुत्र गजेंद्र यादव और प्रवीन यादव पुत्र बब्लू, दोनों निवासी ग्राम रघुनाथपुर, थाना पूरनपुर के रूप में हुई है।

अवैध तमंचे, कारतूस और गौकशी के उपकरण बरामद

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे (.315 बोर), जिंदा कारतूस और गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार अभियुक्त भूरा शातिर किस्म का अपराधी है।

एक दिन पहले हुई थी गौकशी की वारदात

पुलिस ने बताया कि तीनों अभियुक्तों ने 18 जनवरी 2026 को थाना पूरनपुर क्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुर में गौकशी की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में थाना पूरनपुर पर मु0अ0सं0 27/2026 के तहत धारा 3/5/8 सीएस एक्ट में मुकदमा पंजीकृत है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी पूरनपुर के नेतृत्व में की गई। मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *