पीलीभीत। उत्तराखंड के टनकपुर स्थित मां पूर्णागिरि में होली के बाद लगने वाले वार्षिक मेले को लेकर रेलवे प्रशासन ने तीर्थयात्रियों को बड़ी राहत दी है। छह मार्च से दो जोड़ी अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दे दी गई है। दोनों ट्रेनें 30 जून तक संचालित की जाएंगी।
मां पूर्णागिरि धाम में प्रतिवर्ष मेले के दौरान जनपद सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहाँ पहुंचते हैं। अधिकांश यात्री पीलीभीत होकर ही टनकपुर की ओर प्रस्थान करते हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष मेला ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है।
05308 बरेली जंक्शन–टनकपुर मेला स्पेशल
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार गाड़ी संख्या 05308 मेला स्पेशल बरेली जंक्शन से देर रात 01:50 बजे प्रस्थान करेगी।
यह ट्रेन बरेली सिटी (02:06), इज्जतनगर (02:20), भोजीपुरा (02:38), सेथल (02:55), बिजौरिया (03:05), शाही (03:15) होते हुए सुबह 03:30 बजे पीलीभीत जंक्शन पहुंचेगी। यहां पांच मिनट ठहराव के बाद न्योरिया हुसैनपुर, मझोला पकड़िया, खटीमा होते हुए सुबह 05:40 बजे टनकपुर पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन रात 09:35 बजे टनकपुर से चलेगी और 11:00 बजे पीलीभीत जंक्शन पहुंचेगी। पांच मिनट रुककर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए रात 01:00 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी।
05451 कासगंज–टनकपुर मेला स्पेशल
दूसरी मेला स्पेशल गाड़ी संख्या 05451 कासगंज से सुबह 04:35 बजे रवाना होगी। विभिन्न स्टेशनों से होकर सुबह 07:15 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। पांच मिनट ठहराव के बाद यह ट्रेन आगे बढ़ते हुए सुबह 10:00 बजे पीलीभीत जंक्शन पहुंचेगी। यहां से 10:05 बजे प्रस्थान कर खटीमा व वनबसा होते हुए अपराह्न 12:15 बजे टनकपुर पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन दोपहर 01:10 बजे टनकपुर से रवाना होकर 02:43 बजे पीलीभीत जंक्शन पहुंचेगी और रात 08:00 बजे कासगंज स्टेशन पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं से समय सारिणी का पालन करने तथा यात्रा से पूर्व स्टेशन पर जानकारी सुनिश्चित करने की अपील की है। मेला अवधि में इन विशेष ट्रेनों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा।

