(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत।उत्तर प्रदेश के पीलीभीत मे जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का सफल आयोजन ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, पीलीभीत में किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला विज्ञान क्लब, पीलीभीत द्वारा तथा प्रायोजन विज्ञान एवं प्रौद्योगिक परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा किया गया। इसमें जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपने नवीन, रचनात्मक एवं वैज्ञानिक सोच से परिपूर्ण मॉडल प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, नवाचार को प्रोत्साहित करना तथा विज्ञान को व्यवहारिक जीवन से जोड़ना रहा। ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने लगातार सात वर्षों में पाँच बार प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर जनपद स्तर पर अपनी सशक्त वैज्ञानिक पहचान स्थापित की है। इस वर्ष भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों को प्रभावित किया।
स्टेम सेल तकनीक मॉडल को मिला प्रथम पुरस्कार
“Stem Cell Technology” विषय पर प्रस्तुत मॉडल ने वैज्ञानिक स्पष्टता, प्रभावशाली प्रस्तुति एवं सामाजिक उपयोगिता के आधार पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह मॉडल कक्षा 11 की छात्रा मनाल फातिमा एवं कक्षा 11 के छात्र शुभ जोहरी द्वारा तैयार किया गया। विद्यार्थियों ने इस मॉडल के माध्यम से स्टेम सेल तकनीक, उसके उपयोग, चिकित्सा क्षेत्र में संभावनाओं तथा भविष्य में इसके प्रभाव को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। इस उपलब्धि में शिक्षिका प्रभारी प्रियंका सक्सेना का मार्गदर्शन सराहनीय रहा।
AI आधारित मॉडल को मिला चतुर्थ स्थान
इसके अतिरिक्त “Real and AI Image Classifier” विषय पर आधारित मॉडल ने भी प्रतियोगिता में विशेष ध्यान आकर्षित करते हुए चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। इस मॉडल को कक्षा 11 के छात्र दक्ष जायसवाल एवं कक्षा 11 के छात्र भविष्य सिंह ने तैयार किया। मॉडल के माध्यम से वास्तविक छवियों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) द्वारा निर्मित छवियों के बीच अंतर पहचानने की तकनीक प्रदर्शित की गई, जो वर्तमान डिजिटल युग में अत्यंत प्रासंगिक विषय है। इस मॉडल के लिए शिक्षक प्रभारी श्री मोहित तिवारी का तकनीकी मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, वैज्ञानिक समझ एवं प्रस्तुति कौशल की निर्णायकों द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की गई। विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा, विद्यालय प्रबंधक देवेन्द्र सिंह छाबड़ा एवं समस्त शिक्षकगण ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और विद्यालय के सकारात्मक वैज्ञानिक वातावरण को भी दर्शाती है।

