(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत।बिलसंडा ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बुधवार को बाल विकास विभाग और बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हमारा आंगन, हमारे बच्चे कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समूचे परिसर को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक विवेक वर्मा रहे।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक विवेक वर्मा एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं बेसिक शिक्षकों द्वारा लगाए गए टीचर लर्निंग मटेरियल (टीएलएम) के स्टॉलों का निरीक्षण किया गया, जहां शिक्षकों ने अपने नवाचार और शिक्षण के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी।
निपुण बच्चों का हुआ सम्मान
आंगनबाड़ी बालवाटिका एवं प्राथमिक विद्यालयों के 50 निपुण बच्चों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंच से सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उपस्थित अभिभावकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
सरकारी स्कूल किसी से कम नहीं : विधायक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विवेक वर्मा ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। कायाकल्प योजना के तहत स्कूलों का स्वरूप बदला है और आज सरकारी विद्यालयों में पठन-पाठन किसी भी कॉन्वेंट स्कूल से कम नहीं है।
प्रतिभा निखारना शिक्षकों का दायित्व : बीएसए
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा छिपी होती है, जिसे पहचानकर निखारना शिक्षकों का कर्तव्य है। बेहतर शिक्षा ही बच्चों को आगे बढ़ने का रास्ता दिखाती है।
बाल विवाह मुक्त समाज की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह मुक्त जिला, प्रदेश एवं देश बनाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही अगले सप्ताह से शुरू होने वाले निपुण आकलन को लेकर ब्लॉक के सभी अध्यापकों और एआरपी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों व शिक्षकों की रही मौजूदगी
खंड शिक्षा अधिकारी बिलसंडा शिव शंकर मौर्य के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में सीडीपीओ सुरभि सक्सेना ने बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में उमेश मिश्रा मंत्री, गजेंद्र प्रताप अध्यक्ष, एआरपी सोमपाल, शिवप्रसाद मिश्र, नीरज त्रिपाठी, मुन्ना, पूर्व एआरपी गोपेश शर्मा, संजय कुमार, हिमांशु दीक्षित, मनोज शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक कंपोजिट स्कूल नौगवां संतोष रतनलाल ने किया।

