पीलीभीत। पूरनपुर ब्लॉक क्षेत्र के बाबनपुरी मोहल्ले में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। धमाके के बाद लगी आग की चपेट में आने से छह से सात लोग घायल हो गए, जबकि एक बच्ची की जलकर मौत होने की सूचना है। घटना के बाद मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए चार एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे में बच्ची की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है। सिलेंडर में ब्लास्ट किन परिस्थितियों में हुआ और आग लगने की वजह क्या रही, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने आना बाकी है। घटना के संबंध में अन्य विवरण और प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।

