(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। चिडैयादाह क्षेत्र में जिला प्रशासन ने अवैध रूप से बसाई गई दो कॉलोनियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई माधोटांडा मार्ग स्थित उन कॉलोनियों पर की गई, जिन्हें बिना नक्शा पास कराए विकसित किया गया था।
प्रशासन की जांच में सामने आया कि प्लाट स्वामियों एवं विक्रेताओं द्वारा विनियमित क्षेत्र में बिना किसी वैध स्वीकृति के भूमि की घेराबंदी कर बाउंड्रीवाल व अन्य निर्माण कराए गए थे। संबंधित कॉलोनियों को पूर्व में नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
नोटिस के बाद भी नहीं दिखाए दस्तावेज, तोड़ दी गई बाउंड्रीवाल
नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने बताया कि विनियमित क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर द्वारा अवैध कॉलोनियों को चिन्हित किया गया था। इसके बाद कार्रवाई करते हुए दोनों कॉलोनियों की बाउंड्रीवाल और प्लाट पर हुए निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में अन्य अवैध कॉलोनियों को भी चिन्हित किया जा रहा है और शुक्रवार को पुनः अभियान चलाकर शेष अवैध निर्माणों को गिराया जाएगा।
अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन की सख्ती जारी
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। जिला प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि बिना नक्शा पास कराए किए गए किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।

