पीलीभीत। चिकित्सा शिक्षा और मानवता की सेवा को समर्पित युग दधीचि देहदान अभियान के अंतर्गत एक और प्रेरणादायी देहदान संपन्न हुआ। दुर्गादेवी रोड, गांधी नगर कानपुर निवासी 72 वर्षीय आशा तिवारी की पार्थिव देह को अभियान की 317वीं आहुति के रूप में राजकीय मेडिकल कॉलेज, पीलीभीत को समर्पित किया गया।
यह अभियान वर्ष 2003 में जेके कॉलोनी, कानपुर से मनोज सेंगर एवं माधवी सेंगर द्वारा प्रारंभ किया गया था, जो अब पूरे प्रदेश में देहदान के क्षेत्र में एक सशक्त जनआंदोलन बन चुका है। पीलीभीत मेडिकल कॉलेज को यह अभियान के माध्यम से पांचवां देहदान प्राप्त हुआ है।
18 वर्ष पूर्व लिया गया संकल्प हुआ पूर्ण
आशा तिवारी ने वर्ष 2008 में देहदान का शपथपत्र भरकर यह संकल्प लिया था। वे समय-समय पर अपने परिवार को यह सख्त निर्देश देती रहती थीं कि उनके निधन के बाद देहदान अवश्य कराया जाए।
9 फरवरी की देर शाम अल्प बीमारी के बाद उनके निधन पर परिजनों ने अभियान प्रमुख मनोज सेंगर से संपर्क कर संकल्प पूर्ण कराने का आग्रह किया।
रात्रि में पूरी हुई औपचारिकताएं, सुबह रवाना हुई एंबुलेंस
मनोज सेंगर ने अभियान की महासचिव माधवी सेंगर से परामर्श कर देह को पीलीभीत मेडिकल कॉलेज को समर्पित करने का निर्णय लिया। सभी आवश्यक औपचारिकताएं रात्रि में पूर्ण की गईं।
10 फरवरी की सुबह एंबुलेंस के साथ सेंगर दंपति दिवंगत आशा तिवारी के निवास पहुंचे, जहां पार्थिव देह की आरती, पुष्पांजलि एवं शांतिपाठ कराया गया। प्रातः 9:30 बजे कानपुर से प्रस्थान कर शाम 4:30 बजे पीलीभीत मेडिकल कॉलेज पहुंचकर देह को सम्मानपूर्वक सौंपा गया।
मेडिकल कॉलेज को मिला पहला महिला शरीर
राजकीय मेडिकल कॉलेज, पीलीभीत में प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा, एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह, उप प्राचार्य डॉ. अरुण सिंह, डॉ. फरीद सहित अन्य चिकित्सकों ने देह को ससम्मान स्वीकार किया।
इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने बताया कि यह कॉलेज को प्राप्त पहला महिला शरीर है, जो चिकित्सा शिक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उपस्थित मेडिकल छात्रों ने भी पुष्प अर्पित कर देहदानी को श्रद्धांजलि दी।
परिजनों और इष्ट मित्रों की गरिमामयी उपस्थिति
कानपुर में देह समर्पण के समय स्व. आशा तिवारी के देवर अरुण प्रकाश तिवारी, बहन ऊषा अवस्थी, देवरानी साधना तिवारी सहित बड़ी संख्या में इष्ट मित्र उपस्थित रहे।
पीलीभीत मेडिकल कॉलेज को मिले अब तक के देहदान
- 17 अक्टूबर 2024 – राम प्यारे शुक्ल (दीन दयाल नगर, कानपुर)
- 5 मार्च 2025 – प्रेम चंद पाठक (गांधी ग्राम, जीटी रोड, कानपुर)
- 1 अगस्त 2025 – रामशंकर गुप्ता (फतेहपुर)
- 16 अगस्त 2025 – शंकरलाल (कानपुर देहात)
- 10 फरवरी 2026 – आशा तिवारी (गांधी नगर, कानपुर)

