प्राथमिक विद्यालय गुटैहा में वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न… बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मन मोहा

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। विकास क्षेत्र ललौरीखेड़ा के प्राथमिक विद्यालय गुटैहा में वार्षिकोत्सव समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों को देखकर अभिभावक दंग रह गए और तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष हरिशंकर एवं जनप्रतिनिधि श्याम विहारी द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद बच्चों ने स्वागत गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया प्रतिभा का प्रदर्शन

समारोह के दौरान खेल प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रधानाध्यापक मीना कुमारी एवं विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष हरिशंकर द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

अभिभावकों ने भी लिया प्रतियोगिताओं में हिस्सा

वार्षिकोत्सव के साथ शारदा संगोष्ठी एवं अभिभावक-अध्यापक बैठक का भी आयोजन किया गया। संगोष्ठी के अंतर्गत अभिभावकों की रिले रेस और नींबू दौड़ प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं कक्षा एक से चार तक के सर्वाधिक उपस्थिति वाले छात्र-छात्राओं को प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

शिक्षकों और अभिभावकों की रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक, एआरपी सुरजीत गंगवार, शिशिर माहेश्वरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

शिक्षकों की सक्रिय भूमिका से सफल हुआ आयोजन

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाध्यापक मीना कुमारी, सहायक अध्यापक साहब लाल यादव, जिज्ञासा, प्रकाश चन्द्र, जय वर्मा, निर्मला रानी, मीना देवी, बाबू राम, माता देवी और ममता देवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक मीना कुमारी एवं सहायक अध्यापक साहब लाल यादव ने संयुक्त रूप से किया।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *