रिंटू वर्मा…
पीलीभीत।होली पर्व को लेकर पीलीभीत जनपद में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। त्योहार के दौरान संभावित आपात स्थितियों को देखते हुए जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉक्टरों व कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आलोक कुमार ने इस संबंध में सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को लिखित आदेश जारी कर सख्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी चिकित्सक या कर्मचारी बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेगा और सभी अपने-अपने केंद्रों पर मुस्तैदी से ड्यूटी करेंगे।
अवकाश पर गए कर्मचारियों को भी लौटने के निर्देश
जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि जो डॉक्टर या कर्मचारी पूर्व में स्वीकृत अवकाश पर जा चुके हैं, उनकी छुट्टियां भी निरस्त मानी जाएंगी। ऐसे सभी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से अपने तैनाती स्थल पर उपस्थित होकर ड्यूटी संभालने के निर्देश दिए गए हैं। अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
24 घंटे सक्रिय रहेंगी स्वास्थ्य सेवाएं
होली के दौरान रंग, गुलाल, केमिकल, सड़क दुर्घटनाएं, झगड़े अथवा अन्य आकस्मिक घटनाओं की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने का निर्णय लिया है। सभी CHC और PHC पर आपातकालीन कक्ष सक्रिय रहेंगे तथा आवश्यक दवाओं, इंजेक्शन, प्राथमिक उपचार सामग्री और जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही एम्बुलेंस सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके।
निरीक्षण और मॉनिटरिंग के निर्देश
सीएमओ ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को यह भी निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग करें और त्योहार के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उच्चाधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण भी किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि त्योहार के उल्लास के बीच आमजन को निर्बाध और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। विभाग की इस पहल से होली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने में सहायता मिलेगी और मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।

