रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। जनपद के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को होली से पहले वेतन नहीं मिलने से भारी नाराजगी है। जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने 28 फरवरी को होली पर्व को देखते हुए वेतन जारी करने के निर्देश दिए थे, बावजूद इसके कर्मचारियों के खातों में धनराशि नहीं पहुंच सकी।
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी नहीं पहुंचा वेतन
सरकारी कर्मचारियों का कहना है कि त्योहार से पहले वेतन मिलने की उम्मीद थी ताकि परिवार के साथ होली की तैयारियां की जा सकें, लेकिन खाते खाली होने से आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पेंशनर्स भी परेशान हैं और बैंक शाखाओं के चक्कर लगा रहे हैं।
आरबीआई ने बताई तकनीकी वजह
भारतीय रिज़र्व बैंक की ओर से ईमेल के माध्यम से अवगत कराया गया है कि 28 फरवरी 2026 (चौथे शनिवार) को सीबीएस प्रणाली में “ग्लोबल Holiday” होने के कारण सरकारी ई-भुगतान और ई-रसीदों का निष्पादन नहीं हो सका।
आरबीआई के अनुसार 28 फरवरी की सभी सरकारी ई-भुगतान और ई-रसीद फाइलों का संसाधन अब 2 मार्च 2026 (सोमवार) को किया जाएगा।
कर्मचारियों में नाराजगी, त्योहार पर असर
वेतन में देरी से कर्मचारियों और पेंशनर्स में असंतोष है। उनका कहना है कि त्योहार के समय इस प्रकार की तकनीकी बाधा से आर्थिक योजनाएं प्रभावित हो जाती हैं। अब सभी की निगाहें 2 मार्च पर टिकी हैं, जब भुगतान प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।
होली जैसे बड़े पर्व से ठीक पहले वेतन न मिलना कर्मचारियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

